ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा! आग बुझाने के दौरान दीवार गिरी, दो फायरकर्मियों की मौत
ग्रेटर नोएडा के एक निजी कंपनी में भीषण आग लगने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. आग बुझाने के लिए आए फायरकर्मियों पर कंपनी की एक दीवार और लोहे का बीम भरभराकर अचानक गिर गया. इस हादसे में दो फायरकर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है.
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. आग बुझाने के लिए पहुंचे फायर विभाग के जवानों पर कंपनी की दीवार और लोहे का बीम गिर गया. हादसे में दो फायर कर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है.
जानकारी के मुताबिक, ILGIM कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक और पीसीबी चिप बनाने का निर्माण किया जाता है, जिसमें रात करीब 3 बजे आग लग गई. सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. इस दौरान कंपनी की साइड की एक दीवार और लोहे का बीम भरभराकर अचानक गिर गया.
दो फायर कर्मियों ने गवाई जान अन्य हुए घायल
भीषण आग को बुझाने में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव समेत सभी घायल हुए. आनन-फानन में इन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां इलाज के दौरान रोहित यादव और तीर्थपाल सिंह की मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर तैनात की गई. दमकल विभाग की टीम आज पर पूरी तरह का पानी और मलबे को हटाने में जुटी हुई है. वहीं, हादसे में घायल सभी कर्मियों का इलाज चल रहा है, जिसमें एक फायरमैन की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना के बाद पूरे फायर विभाग में शोक की लहर
मुख्य अग्निमिशन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. पुलिस और संबंधित विभाग कंपनी परिसर का निरीक्षण कर रहे हैं. यह भी जांच की जा रही है कि कंपनी में सुरक्षा मनको का पालन किया गया था या नहीं? वहीं, इस दुखद घटना के बाद पूरे फायर विभाग में शोक की लहर दौर गई है.
