नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में फिर बवाल, कुत्ता घुमाने को लेकर 2 महिलाओं में जमकर गाली-गलौज
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम सोसाइटी में एक महिला अपने कुत्ते को तय सीमा के बाहर घूमा रही थी. सोसायटी की एक अन्य महिला ने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई. देखते-देखते यह बहस गाली-गलौज में तब्दील हो गई.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी आम्रपाली गोल्फ होम्स में कुत्ते को घुमाने को लेकर दो महिलाओं के बीच तीखी कहासुनी हो गई. इस दौरान गरमागरमी बहुत ज्यादा बढ़ गई. मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस मामले में पीड़ित महिला की शिकायत पर दूसरी महिला के ऊपर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
कुत्ते को तय सीमा से बाहर घुमाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक कल शाम ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम सोसाइटी में एक महिला अपने कुत्ते को तय सीमा के बाहर घूमा रही थी. सोसायटी की एक अन्य महिला ने इसका विरोध किया.. इसी बात को लेकर पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और उसके बाद बातचीत गाली गलौज पर उतर आई. पीड़िता का आरोप है दूसरी महिला कुत्ते को गोद में उठाकर वहां से जाने लगी लेकिन इस दौरान उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया.
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया पीड़िता स्वाति की शिकायत पर दूसरी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. वही सोसायटी के मेंटेनेंस कर्मचारियों से भी बात की गई है कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सोसाइटी में सुरक्षा और नियमों की अनदेखी न करें. मेंटनेंस को निर्देश दिया गया है कि जो स्थान कुत्तों को घूमने और टहलने का है उसको निर्धारित करके समिति के लोगों को सूचित करें.
लगातार सामने आ रही हैं ऐसी घटनाएं
बता दें कि आए दिन नोएडा के हाईराइज सोसायटीज से इस तरह की हिंसक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. कई बार मामला पुलिस तक पहुंच चुका है. कई घटनाओं में कार्रवाई भी हो चुकी है. ऐसी घटनाओं रो रोकने के लिए सोसाइटी के कमेटियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जा चुके हैं, लेकिन फिर ये घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं.