7 साल के मासूम की हत्या करने वाला ढेर, किडनैप करके किया था गलत काम
हरदोई में एक शख्स ने पहले 7 साल के बच्चे का अपहरण किया. फिर उसके साथ कुकर्म कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया. इतना ही नहीं, घटना को गुमराह करने के लिए आरोपी ने चोरी के सिम कार्ड से मृतक के परिजनों को फिरौती के लिए कॉल भी किया था. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई थीं. अब पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया है.
हरदोई के मल्लावां थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम लड़के की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. दरअसल, 5 मई 2026 को ग्राम मटियामऊ के पास मक्का के खेत में मासूम बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
इलाज के दौरान आरोपी की मौत
सूचना मिलने के बाद 06 मई को पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की. पुलिस ने जब आरोपी को सरेंडर करने को कहा तो उसने उल्टे गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई के बाद अभियुक्त मेनूर उर्फ नूर उर्फ मेहनुद्दीन निवासी कन्नौज घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया. घायल आरोपी को पहले सीएचसी मल्लावां और फिर जिला अस्पताल हरदोई भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी को भी लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान SOG प्रभारी राजेश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 32 बोर पिस्टल, .315 बोर तमंचा, एक मोटरसाइकिल और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुआ है. आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं.
मासूम का अपहरण फिर कुकर्म के बाद की गई थी हत्या
हरदोई की पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले बच्चे का अपहरण किया, उसके बाद कुकर्म कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया. इतना ही नहीं, घटना को गुमराह करने के लिए आरोपी ने चोरी के सिम कार्ड से मृतक के परिजनों को फिरौती के लिए कॉल भी किया था. फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.