‘बहन बनोगी या गर्लफ्रेंड?’ फेसबुकिया रिश्ते के चक्कर में ऐसे फंसी महिला, काटने पड़ गए थाने के चक्कर

हाथरस में एक महिला के साथ अनोखे तरीके से ठगी हुई है. फेसबुक पर भाई बने एक जालसाज ने उससे 9 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है. महिला ने आरोपी के झांसे में आकर अपनी बचत और आलू बेचकर भी पैसे दिए. ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. यह मामला ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते खतरों को उजागर करता है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स- AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हाथरस में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक जालसाज ने एक महिला को फेसबुक रिक्वेस्ट भेजा, फिर मैसेंजर पर उसे मैसेज किया कि बहन बनोगी या गर्लफ्रेंड, इस सवाल के जवाब में महिला ने उसे अपना भाई बना लिया. फिर शुरू हुआ ठगी का खेल. आरोपी ने महिला को इमोशनल ब्लैकमेल कर कई किश्तों में 9 लाख रुपये से भी अधिक की ठगी कर ली है. ठगी का एहसास होने पर पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

मामला हाथरस में सादाबाद थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाली पीड़िता चंद्रवती ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि करीब सात माह पहले फेसबुक पर आरोपी जालसाज विपिन गुप्ता उसके संपर्क में आया था. आरोपी ने पहले उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा, उसने स्वीकार किया तो आरोपी ने मैसेंजर में अपनी फोटो भेजकर पूछा कि वह उसकी बहन, दोस्त या प्रेमिका में से क्या बनाना पसंद करेगी? उसने भी आरोपी को अपना भाई बना लिया.

फिर शुरू हुआ ठगी का खेल

चंद्रवती के मुताबिक आरोपी ने अपनी मीठी बातों से उसे भरोसे में लिया और छोटी मोटी जरूरतें बताकर उससे पैसा ऐंठने लगा. शुरूआत उसने 12 हजार रुपये से की. फिर कई किश्तों में उसने करीब चार लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए. अभी पिछले दिनों ही उसने बहुत जरूरी काम बताकर पांच लाख रुपये उधार मांगे. कहा कि वह दो महीने में लौटा देगा. विश्वास में आकर उसने कोल्डस्‍टोरोज में रखा आलू बेच दिया और आगरा के खंदौली जाकर उसने आरोपी को पैसे दे दिए.

ऐसे हुआ ठगी का एहसास

पीड़िता के मुताबिक ये पैसे पाने के बाद आरोपी ने उसका फोन ब्लाक कर दिया और उससे बात करना छोड़ दिया. इससे उसे ठगी का एहसास हुआ और फिर उसने पुलिस में शिकायत दी है. पीड़िता ने पुलिस को रुपयों के ट्रांजेक्शन की रसीदें भी सौंपी हैं. पुलिस के मुताबिक इन रसीदों के मुताबिक आरोपी के कहने पर महिला ने अशोक पासवान, पवन कुमार, प्रवेश, मनोज कुमार चौधरी, मूसाखान साजिद खान, राजबलम कुमार, मनीष ट्रेडर्स समेत कई अन्य खातों में पैसे भेजे हैं.

Follow Us