IAS ज्ञानेंद्र गंगवार तक पहुंची कर्नाटक पेपरलीक की जांच, ED की दबिश से मचा हड़कंप; जानें पूरा मामला

कर्नाटक कैडर के IAS ज्ञानेंद्र गंगवार की मुश्किलें बढ़ी हैं. कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) पेपर लीक मामले में उनका नाम सामने आने के बाद ED ने उनके पैतृक घर पर दबिश दी. ज्ञानेंद्र KPSC के परीक्षा नियंत्रक भी रह चुके हैं. ED की टीम ने दस्तावेज खंगाले और पूछताछ की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. जांच जारी है और जल्द ही आधिकारिक जानकारी आने की उम्मीद है.

आईएएस ज्ञानेंद्र गंगवार का घर Image Credit:

कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र गंगवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही है. बरेली के रहने वाले इस आईएएस अधिकारी का नाम कर्नाटक पेपरलीक कांड में आने के बाद अब ईडी इनके घर तक पहुंच गई है. रविवार को ईडी की टीम ज्ञानेंद्र गंगवार के नवाबगंज के हिमकरपुर चमरुआ गांव स्थत पैतृक घर पर दबिश दी. लखनऊ नंबर की कई गाड़ियों से पहुंचे ईडी और पुलिस के अधिकारियों ने पूरे घर को घेर लिया था.

जानकारी के मुताबिक कर्नाटक में लोक सेवा आयोग (KPSC) की परीक्षा में कथित पेपर लीक और भर्ती में गड़बड़ी का मामला सामने आया था. इस मामले में उत्तर प्रदेश में बरेली के रहने वाले कर्नाटक कैडर के आईएएस ज्ञानेंद्र गंगवार का भी नाम सामने आया था. मामले की जांच ईडी कर रही है. इसी मामले में ईडी ने ज्ञानेंद्र गंगवार के बरेली स्थित घर में दबिश दी है. इस कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोकल पुलिसकर्मी भी तैनात रहे.

गांव में मचा हड़कंप

ईडी की टीम के गांव पहुंचते ही आसपास के लोगों में हलचल मच गई. बताया गया कि अधिकारियों की गाड़ियां लखनऊ नंबर की थीं. टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था. इसके बाद अधिकारियों ने घर के अंदर पहुंचकर वहां मौजूद दस्तावेज और दूसरे जरूरी रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया. इस दौरान एक टीम ने इन दस्तावेजों की जांच शुरू की, वहीं दूसरी टीम ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की. यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही.

परीक्षा नियंत्रक रहे हैं ज्ञानेंद्र गंगवार

ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार 2016 बैच के IAS अधिकारी हैं और कर्नाटक कैडर में तैनात हैं. उनका मूल निवास बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के हिमकरपुर चमरुआ गांव में है. जानकारी के मुताबिक, वह कर्नाटक लोक सेवा आयोग यानी KPSC में परीक्षा नियंत्रक के पद पर भी रह चुके हैं. इसी वजह से कर्नाटक में सामने आए परीक्षा संबंधी विवाद में उनका नाम जांच के दायरे में आया है. फिलहाल उनकी पोस्टिंग कर्नाटक सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में MSME निदेशक के पद पर है.

परिजनों को बाहर जाने की नहीं थी अनुमति

ईडी की कार्रवाई के दौरान घर के आसपास पुलिस की मौजूदगी रही. बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने तक IAS अधिकारी के परिजनों को घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई. अधिकारियों ने घर के अंदर कई घंटे तक जांच की. फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में जुटी है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टीम को कार्रवाई के दौरान क्या महत्वपूर्ण जानकारी या दस्तावेज मिले हैं. ED की ओर से आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.

Follow Us