‘प्लेन में बम है…’, धमकी भरे लेटर से हड़कंप, इंडिगो फ्लाइट की वाराणसी में इमरजेंसी लेंडिंग

इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान को बम की सूचना मिलने पर वाराणसी के बाबतपुर हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. यह विमान हैदराबाद से उड़ान भरी थी, लेकिन धमकी के कारण इसे लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचने से 35 मिनट पहले ही आपातकालीन स्थिति में उतारा गया.

इंडिगो की फ्लाइट (फाइल फोटो) Image Credit:

इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान को बम की सूचना मिलने पर रविवार को वाराणसी के बाबतपुर हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है. यह विमान हैदराबाद से उड़ान भरी थी, लेकिन धमकी के कारण इसे लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचने से 35 मिनट पहले ही आपातकालीन स्थिति में उतारा गया. हालांकि, तलाशी में यह धमकी झूठी निकली.

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हैदराबाद से वाराणसी आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान में एक कागज के टुकड़ा मिला था, इसमें लिखा था कि विमान में बम रखा है और यह किसी भी वक्त फट सकता है. वहीं, धमकी के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों और विमान की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली.

चालक दल के सदस्यों ने ATC को किया था अलर्ट

पुलिस के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस के विमान में मिले धमकी भरे कागज के टुकड़े को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. उन्होंने बताया कि इस पर चालक दल के सदस्यों ने वायु यातायात नियंत्रण कक्ष को सूचित किया, जिसके बाद वाराणसी के बाबतपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.

उन्होंने बताया कि विमान को पूर्वी छोर पर रोक कर रखा गया और यात्रियों को नीचे उतारा गया. विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बम निरोधक दस्ता, दमकल गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा, प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों और विमान की गहन तलाशी ली गई. लेकिन कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. सुरक्षा एजेंसियां आगे की जांच कर रहे हैं.

प्लेन में बम की धमकी झूठी निकली, जांच शुरू

सूत्रों ने बताया कि विमान में बम की सूचना पर बम निरोधक दस्ता, दमकल विभाग के कर्मचारी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल तथा पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही शुरू की. विमान की सघन तलाशी ली गई, साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों की भी तलाशी ली गई. लेकिन धमकी झूठी निकली, मामले की जांच जारी है.