‘मैं गद्दार नहीं, पठान हूं’, दुबई से बोला आरोपी आकिब खान, PAK हैंडलर से रिश्ते को नकारा
आकिब खान पर ISI के इशारे पर भारत में आतंकी मॉड्यूल चलाने का आरोप है. हाल में यूपी ATS ने इस गिरोह में शामिल चार आरोपियों को पकड़ा था, जिसमें से एक ने आकिब का नाम लिया था. वहीं, अब आरोपी आकिब खान ने दुबई से एक वीडियो जारी कर खुद को देशभक्त बताया है.
उत्तर प्रदेश एटीएस और बिजनौर पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया. इसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों में से एक साकिब उर्फ़ डेविल ने पूछताछ में आकिब खान का नाम लिया, और कहा कि उसी ने पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क कराया था.
यूपी एटीएस अब आरोपी आकिब खान की तलाश में जुटी है, इस बीच उसने दुबई से एक वीडियो शेयर कर सफाई दी है. जिसमें वह खुद को बेकसूर बता रहा है. आकिब खान ने खुद को देशभक्त बताते हुए कहा कि उसका किसी भी आतंकि संगठन से होई संपर्क नहीं है. आरोपी का कहना है कि उसे बिना जांच-पड़ताल के अपराधी घोषित किया जा रहा है.
‘मैं अपने देश से बहुत प्यार करता हूं, अगर कोई…’
आरोपी आकिब खान ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि ‘मैं अपने देश से बहुत प्यार करता हूं. अगर कोई मेरे देश की तरफ आंख उठाएगा, तो मैं उसका आंख निकाल लूंगा. मैं पठान हूं, गर्दन कटा सकता हूं लेकिन झुकाऊंगा नहीं.’ साथ ही उसने कहा कि उसके खिलाफ गलत अफवाहें फैलाई गई है, इसके लिए पीएम मोदी और सीएम योगी से गुहार लगाई.
AK-47 और हैंड ग्रेनेड वाले वीडियो पर भी बोला
वहीं, 4 महीने पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह AK-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ नजर आया था. इस मामले में अभी बिजनौर के कई अधिकारियों पर गाज गिरी है. आकिब का कहना है कि इसकी हकीकत पुलिस भी जानती है. ‘मैंने पूरी हकीकत पहले भी बयान की थी और अब भी पीछे नहीं हटूंगा. बेगुनाह को नहीं, जो असली गुनहगार हैं उन्हें सजा दो.’
पुलिस ने AK-47 के बताया था खिलौना, अब सस्पेंड
आरोपी आकिब के AK-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ वायरल वीडियो पर 4 महीने बाद पुलिस पर गाज गिरी है. उस समय बिजनौर के नांगल सोती थाने के दरोगा ने इसपर कोई कार्रवाई नहीं की और इसे खिलौना बताया था. एसएचओ सत्येंद्र मलिक ने बिना मुकदमा दर्ज किए मामले में आरोपी साकिब खान को क्लीन चिट दे दी थी, जिसे अब निलंबित कर दिया गया है.
पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे ये चार आरोपी
यूपी ATS ने विकाश गहलावत उर्फ़ रौनक, लोकेश उर्फ़ पपला पंडित, अरबाब पुत्र रहीशुद्दीन और साकिब उर्फ़ डेविल को गिरफ्तार किया है. ये पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाकर रैकी करते थे, और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी पाकिस्तान भेजते थे. इस काम के एवज में उन्हें QR कोड के जरिए से पैसे मिलते थे.