खाई थी साथ मरने की कसम… BF की बाहों में मिला GF का शव, दोनों थे शादीशुदा; ऐसे खुला मौत का राज

जालौन में अवैध संबंध वाले प्रेमी-प्रेमिका के सड़े-गले शव मिले हैं. दोनों 8 दिन से लापता थे. पुलिस को शवों के पास सल्फास की डिब्बियां और पानी की बोतल मिली है, जिससे आत्महत्या की आशंका है. हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत का सही कारण और राज खुल सके. यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश के जालौन में एक प्रेमी-प्रेमिका का सड़ा गला शव मिला है. शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि एक हफ्ते पहले इनकी मौत हुई होगी. दोनों आठ दिन से लापता था. मामला जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. दोनों शवों की पहचान कालपी कोतवाली क्षेत्र के गांव लोहर में रहने वाले प्रमोद साहू (34) और कदौरा थाना क्षेत्र के गांव बबीना की रहने वाली पूनम (42) के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक प्रमोद और पूनम दोनों शादीशुदा थे. प्रमोद के लापता होने की खबर उसके पिता ने दी, वहीं पूनम की गुमशुदगी उसके पति हरिशंकर ने पुलिस में दी थी. इन दोनों का शव हाईवे से करीब 200 मीटर दूर सूखी नाली में मिला है. यहां इटौरा से काशीरामपुर रोड से लगते खेतों में कूड़ा डालने गए एक किसान ने इन शवों को देखकर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों की पहचान कर परिजनों को सूचित करते हुए मामले की जांच शुरू की है. पुलिस के मुताबिक शवों की पहचान पास में ही खड़ी बाइक के नंबर प्लेट की जांच से हुई है.

27 मार्च से लापता थे दोनों

जालौन पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग के रूप में सामने आया है. प्रमोद और पूनम के परिजनों से पूछताछ के दौरान पता चला है कि प्रमोद साहू पहले हरियाणा के गुरुग्राम में ओला कैब चलाता था. उसकी शादी बबीना गांव में रहने वाली वंदना के साथ हुई थी. ससुराल में आते जाते उसे अपनी पत्नी की पारिवारिक चाची पूनम के साथ अवैध संबंध बन गया था. पूनम भी अपने पति हरिशंकर के साथ गुरुग्राम में रहने लगी थी. इस दौरान दोनों आए दिन मिलने लगे और बीते 27 मार्च को अचानक से लापता हो गए.

सल्फास खाकर दोनों ने दी जान

पुलिस के मुताबिक इनके शवों के पास से ही सल्फास की दो खाली डिब्बियां मिली हैं. पास में ही पानी की एक बोतल भी मिली है. आशंका है कि इसी बोतल के पानी से दोनों ने सल्फास की गोलियां निगल ली होंगी. चूंकि शव एक हफ्ते पुराने हैं और बुरी तरह से सड़ चुके हैं, इसलिए पुलिस इस मामले में फाइनल राय कायम करने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. मामले की जानकारी होने पर पहुंचे प्रमोद के भतीजे शिवम ने हत्या की आशंका जाहिर की है. जालौन एसपी विनय कुमार सिंह के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.

Follow Us