हाय री व्यवस्था! कोर्ट में महिला वकील को आया हार्ट अटैक, नहीं मिली एंबुलेंस तो ठेले पर पहुंचाया अस्पताल

उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाता एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है. यह वीडियो जौनपुर का है, जिसमें एक महिला वकील को कचहरी में हार्ट अटैक आया है और एंबुलेंस नहीं मिलने पर उन्हें ठेले पर लिटाकर अस्पताल ले जाया जा रहा है. इससे महिला वकील की जान तो बच गई, लेकिन इस वीडियो एंबुलेंस सेवा की पोल खोल दी है.

ठेले पर महिला वकील को अस्पताल ले जाते उनके साथी वकील Image Credit:

उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था का पोल खोलने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. यह वायरल वीडियो जौनपुर जिले की दिवानी कचहरी का है, जहां एक महिला वकील को हार्ट अटैक आया था. साथी वकीलों ने एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन जब एंबुलेंस नहीं आई तो वकील कचहरी के बाहर खड़े एक ठेले वाले को ही पकड़ा और महिला वकील को अस्पताल पहुंचाया.

उत्तर प्रदेश सरकार की एंबुलेंस सेवा का इंतजार करने के बजाय ठेले से ही सही, समय रहते अस्पताल पहुंचाने की वजह से महिला वकील की जान बच गई है. अब उनकी तबियत ठीक है. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोग तीखी प्रतिक्रिया कर रहे हैं. मामला लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित जौनपुर दीवानी न्यायालय परिसर का है. जानकारी के मुताबिक कचहरी में रोज की तरह शनिवार को भी महिला वकील सुधा तिवारी अपने मामलों की पैरवी करने पहुंची थी.

नहीं मिली एंबुलेंस

इस दौरान अचानक उनके सीने में दर्द शुरू हुआ और वह बेहोश हो गई. साथी वकीलों ने उनकी हालत देखकर एंबुलेंस सेवा में कॉल किया, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई. ऐसे में वकीलों ने वहां मौजूद एक ठेले का सहारा लिया और उसपर रखकर महिला वकील को अस्पताल पहुंचा दिया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दी. इससे महिला वकील को जल्द ही दर्द से राहत मिल गई.

वीडियो हुआ वायरल

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक महिला को ठेले पर लिटाकर कुछ वकील धक्का लगाते हुए ले जा रहे हैं. यह वीडियो रास्ते से गुजर रहे किसी राहगीर ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे से बनाया है. बताया जा रहा है कि घटना के थोड़ी देर पहले तक कोर्ट में एंबुलेंस मौजूद थी. वहीं घटना के बाद जब एंबुलेंस वापस आई तब तक महिला वकील को अस्पताल पहुंचा दिया गया था.