पहले चचेरी बहनों को अगवा कर किया रेप, फिर दूसरी लड़की से करने लगा सगाई; तभी पहुंची पुलिस
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां दो नाबालिग चचेरी बहनों को अगवा कर एक लड़की से रेप और दूसरी से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी सगाई कर रहा था. इतने मौके पर पुलिस पहुंच गई, जिसे देखते ही आरोपी सगाई छोड़कर फरार हो गया. पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है.
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक की सगाई की रस्म चल रही थी. इतने में पुलिस पहुंच गई. पुलिस को देखते ही युवक सगाई छोड़कर मौके से फरार हो गया. इससे जश्न के माहौल में हड़कंप मच गया. बाद में पता चला कि आरोपी ने हाल ही अपने साथी के साथ मिलकर दो नाबालिग चचेरी बहनों को अगवा किया था. इनमें से आरोपी ने एक के साथ रेप किया था और दूसरे के साथ रेप की कोशिश की थी.
मामला बागपत में बालैनी थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक बुजुर्ग महिला की गुरुवार को मौत हो गई थी. परिवार के सभी लोग महिला का दाह संस्कार करने श्मशान घाट गए थे. इतने में मतानत नगर का रहने वाला आरोपी मिंटू ने मृत महिला की नाबालिग पोती को फोन किया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए चचेरी बहन के साथ घर से दूर आने को कहा.
साथी संग मिलकर किया था अगवा
आरोपी के पास वीडियो होने की सूचना से पीड़िता डर गई और आरोपी के कहे अनुसार अपनी चचेरी बहन के साथ गांव के बाहर आ गई. जहां आरोपी अपने साथी सिर्द्धाथ के साथ मौजूद था. दोनों आरोपियों ने इन लड़कियों को धोखे से गाड़ी में बैठाया और अगवा कर ले गए. जहां आरोपी ने एक लड़की के साथ रेप किया, वहीं दूसरी लड़की के साथ रेप की कोशिश की. इसी दौरान दोनों लड़कियां आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागने में सफल हो गई.
परिजनों ने थाने में काटा हंगामा
दोनों लड़कियों के घर पहुंचने के बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई. इसके बाद दोनों लड़कियों के परिजन परिवार के अन्य लोगों के साथ थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी मिंटू के ठिकाने पर दबिश दी. इस दौरान उसकी सगाई की रस्म हो रही थी. आरोपी को जैसे ही पता चला कि घर के बाहर पुलिस आई है, वह सगाई छोड़ कर फरार हो गया.
दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस दूसरे आरोपी के ठिकाने पर पहुंची, लेकिन वह भी गायब था. ऐसे में पुलिस ने दोनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए सर्विलांस का जाल बिछा दिया है. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ रेप और अगवा करने की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.