जौनपुर: दूल्हा हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, एक लाख के इनामी रवि यादव को मार गिराया; ऐसे हुआ एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी 1 लाख के इनामी रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है. रानीमऊ मोड़ के पास हुई इस फायरिंग में लाइन बाजार थाने के एसएचओ केके सिंह भी घायल हुए हैं. पुलिस ने रवि यादव के 13 साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस अभी भी अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

जौनपुर में इनामी बदमाश रवि यादव का एनकाउंटर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में जौनपुर की पुलिस ने दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवि यादव का एनकाउंटर किया है. आमने सामने की फायरिंग में पुलिस ने इस बदमाश को मार गिराया है. इस बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस ने पहले ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. इस बदमाश के एनकाउंटर के दौरान जौनपुर में लाइन बाजार थाने के एसएचओ केके सिंह को भी गोली लग गई. इसमें वह बुरी तरह से जख्मी हुए हैं. उनके बाएं हाथ में गोली लगी है.

जौनपुर पुलिस के मुताबिक रविवार की देर रात पुलिस को बदमाश रवि यादव के बारे में इनपुट मिला था. उसकी लोकेशन खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के आसपास मिली थी. इस इनपुट पर पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा. लेकिन इस बदमाश ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग की. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इसमें गोली लगने से रवि यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं रवि यादव की चलाई गोली से इंस्पेक्टर केके सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए.

बाल-बाल बचे दो कांस्टेबल

एनकाउंटर के दौरान बदमाश रवि यादव ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. इस दौरान दो कांस्टेबल को भी गोली लगी. गनीमत रही कि ये कांस्टेबल बुलेटप्रूफ जैकेट पहने थे. इसलिए वह बच गए. वहीं बाएं हाथ में गोली लगने से इंस्पेक्टर जख्मी हो गए. उन्हें फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब तक जौनपुर पुलिस रवि यादव के 13 साथियों को अरेस्ट कर जेल की सलाखों में डाल चुकी है.

एक मई की है वारदात

पुलिस के मुताबिक 1 मई की रात बरात लेकर जा रहे 25 वर्षीय दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को मुख्य आरोपी बनाया था. इनमें प्रदीप बिंद (निवासी चिकसावा, थाना बरदह, आजमगढ़), रवि यादव (निवासी सोंधी, थाना खेतासराय) और भोले राजभर (निवासी जपटापुर, थाना सरायख्वाजा) शामिल हैं. इन तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस अभी भी इन बदमाशों की तलाश कर रही है. इसके लिए दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और नेपाल बॉर्डर तक दस टीमें लगाई गई हैं.

Follow Us