छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने किया अरेस्ट, शर्म के मारे पुजारी ने थाने में लगा ली फांसी; मचा हड़कंप

झांसी में छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार एक बुजुर्ग पुजारी ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली. आरोप है कि पुलिस ने बिना जांच पड़ताल के पुजारी को लॉकअप में बंद कर दिया था. परिवार का दावा है कि पुजारी को झूठे मामले में फंसाया गया था, जिससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं.

पुजारी ने थाने में किया सुसाइड Image Credit:

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां की पुलिस ने एक मंदिर के बुजुर्ग पुजारी को छेड़खानी के आरोप में अरेस्ट किया था. पुलिस ने थाने के लॉकअप में पुजारी को बंद कर दिया, लेकिन थोड़ी ही देर बाद पुजारी ने टॉयलेट में जाकर अपने गमछे से फांसी लगा ली. मामला झांसी के गुरसराय थाने का है. जब काफी देर बाद भी पुजारी टॉयलेट से बाहर नहीं निकले तो पुलिस ने जाकर देखा. इसके बाद महकमे में हड़कंप मच गया.

आनन फानन में पुजारी को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृत पुजारी के पुत्र ने आरोप लगाया कि उनके पिता को झूठे मामले में फंसाया गया और पुलिस ने भी मामले की जांच किए बिना उनके पिता को लॉकअप में ठूंस दिया. बेटे ने बताया कि उनके पिता सम्मानित व्यक्ति हैं और उन्हें इस तरह का घटिया आरोप बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने सुसाइड कर लिया.

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक गुरसराय थाना क्षेत्र में सिंघार गांव के रहने वाले राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी गांव के ही मंदिर में पूजा पाठ करते थे. हाल ही में गांव के एक शख्स ने पुलिस में शिकायत दी थी कि पुजारी राजेंद्र प्रसाद ने उसकी 9 साल की बच्ची से छेड़छाड़ की है. इस शिकायत पर पुलिस ने पुजारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और बिना जांच पड़ताल के ही पुजारी को अरेस्ट कर लिया. थाने में राजेंद्र प्रसाद को हवालात में रखा गया था. जहां देर रात उन्होंने टॉयलेट में जाकर सुसाइड किया है.

कस्टडी में सुसाइड पर हड़कंप

पुलिस कस्टडी में सुसाइड की खबर से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही झांसी के एसएसपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने बताया कि इस घटना के लिए जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. उधर, मृतक के बेटे ने गांव में आपसी विवाद में झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है. कहा कि इस तरह का घटिया आरोप लगाकर उनके पिता को सुसाइड के लिए मजबूर किया गया है.

रिपोर्ट: अमित सोनी, झांसी

Follow Us