ऐसा लगा कि कोई खड़ा है, पास जाते ही उड़ गए होश… झांसी रेलवे स्टेशन पर FOB की जाली से लटका मिला शव

झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज पर एक युवक का शव लटका मिला, जिससे हड़कंप मच गया. पहले लगा जैसे कोई खड़ा है, लेकिन पास जाने पर मृत पाया गया. मृतक की पहचान बुलंदशहर के रितेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आत्महत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

झांसी स्टेशन पर मिला शव Image Credit:

उत्तर प्रदेश के झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर-1 के फुटओवर ब्रिज की लोहे की जाली पर एक युवक का शव लटका मिला. दूर से लगा कि कोई युवक जाली के पास जिंदा खड़ा है, लेकिन पास जाकर देखने पर पता चला कि वह मृत पड़ा है. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि पहली नजर में फुटओवर ब्रिज की जाली पर युवक खड़ा नजर आया. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि वह मृत है. पास पहुंचने पर देखा गया कि युवक के गले में लोहे का पतला तार कसकर जाली से बंधा हुआ था. यह दृश्य देखकर स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची.

आधार से हुई पहचान

पुलिस ने सावधानीपूर्वक तार काटकर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान उसके जेब में मिले आधार कार्ड से हुई. यह बुलंदशहर का रहने वाला रितेश कुमार है. पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने रितेश के परिजनों को सूचना दी. देर रात ही परिजन झांसी पहुंच गए और आज उनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक अभी तक इस घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है. इस संबंध में मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है. अभी तक यह भी साफ नहीं हो सका है कि युवक बुलंदशहर से चलकर झांसी किस मकसद से पहुंचा था. पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का ही लग रहा है, लेकिन अंतिम निर्णय पर पहुंचने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने का इंतजार कर रही है.

Follow Us