कन्नौज में ‘बहू-बुआसास गैंग’ गिरफ्तार, सर्राफा कारोबारियों को बनाते थे निशाना
कन्नौज पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों को निशाना बनाने वाले शातिर 'बहू-बुआसास' गैंग का पर्दाफाश किया है. लग्राम पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मास्टरमाइंड रिंकी समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया. यह गिरोह ग्राहक बनकर दुकानों से सोने-चांदी की चोरी करता था.
कन्नौज की तालग्राम पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों और आम लोगों को निशाना बनाने वाले शातिर बहू-बुआसास गैंग का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है. लंबे समय से यह गैंग आधे दर्जन जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था. गैंग के खुलासे के बाद सर्राफा व्यापारियों ने राहत की सांस ली है.
मामले की शुरुआत तालग्राम थाना क्षेत्र से हुई, जब एक सर्राफा दुकान पर पुरुष और तीन महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं. आभूषण देखने के दौरान एक महिला ने दुकानदार को बातों में उलझाया और मौका पाकर सोने के गहने चोरी कर लिए. कुछ ही देर बाद क्षेत्र की एक अन्य दुकान से भी चोरी हुई. दोनों घटनाओं के बाद थाना प्रभारी ने इसकी जांच शुरू की.
गैंग की मास्टरमाइंड बहू, दो बुआसास पार्टनर्स
थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने पुलिस टीम के साथ दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इस दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने पर एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पूरे गैंग तक पहुंचने में सफलता हासिल की. इसके बाद पुलिस ने एक पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया. चौंकाने वाली बात है कि गिरफ्तार गैंग एक ही परिवार से जुड़ा है.
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार गैंग की मास्टरमाइंड रिंकी है, जबकि उसकी दो बुआसास छुन्ना और उषा देवी भी वारदातों में शामिल थीं. इनके साथ गैंग का वाहन चालक शिराज भी गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपी हरदोई के रहने वाले हैं. गैंग का एक सदस्य, जो रिंकी का पति है, फिलहाल फरार है.
बेहद शातिर तरीके से वारदात को देता अंजाम
पुलिस के अनुसार, यह गैंग बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था. महिलाएं ग्राहक बनकर सर्राफा दुकानों में जातीं, दुकानदार को बातचीत में उलझा देतीं और मौका मिलते ही सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेतीं. इसके बाद सभी आरोपी तुरंत वाहन से फरार हो जाते थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रय़ास जारी हैं.