गेट के परखच्चे उड़ गए… नशे में धुत युवक ने कानपुर ARTO के घर में ठोंक दी स्कॉर्पियो, बाल-बाल बचा गार्ड
कानपुर के विकास नगर में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे एआरटीओ राजेश राजपूत के घर के गेट में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गेट के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में गेट के पास ड्यूटी कर रहे गॉर्ड की जान बाल-बाल बच गई.
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित विकास नगर में तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नजारा देखने को मिला. 15 मार्च यानी रविवार की रात 2 बजे के बीच नशे में धुत चालक ने अपने तीन साथियों के साथ विकास नगर की सड़क पर फर्राटा भरते हुए बेकाबू सफेद स्कॉर्पियो-एन गाड़ी को सीधे एआरटीओ राजेश राजपूत के घर के गेट में ठोंक दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गेट के परखच्चे उड़ गए. गनीमत यह रही कि गेट के पास ड्यूटी पर मौजूद प्राइवेट सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. चालक के नशे में होने की भी पृष्टि हुई है. फिलहाल, उसे हिरासत में ले लिया गया है. टक्कर की आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों का कहना है कि अगर गार्ड एक कदम भी आगे होता तो उसकी जान जा सकती थी.
घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो-एन जालौन जिले में पंजीकृत है. यह पुष्पा देवी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार वाहन का पहले भी चालान हो चुका है. इससे चालक की लापरवाही और नियमों की अनदेखी का अंदाजा लगाया जा सकता है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है.
बड़ा हादसा हो सकता था
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खोकर गेट में घुस जाती है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय सड़क पर कोई राहगीर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग की
स्थानीय लोगों ने ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल, घटना को लेकर रावतपुर थाना पुलिस जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को ध्यान में रखते हुए चालक के ऊपर कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर से नशे में धुत होकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार के खतरनाक खेल को उजागर कर दिया है.