DM का नाम, नेहा सिंह राठौर और खेसारी लाल पर फर्जी पोस्ट… कानपुर में मचा हड़कंप
कानपुर में डीएम कानपुर जितेंद्र प्रताप सिंह की फोटो और उनके नाम से की गई एक फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट से हड़कंप मच गया है. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने इस पोस्ट को फेक बताते हुए पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं.
कानपुर में फेसबुक पर एक फर्जी पोस्ट से हड़कंप मच गया. यह पोस्ट डीएम कानपुर जितेंद्र प्रताप सिंह की फोटो और उनके नाम से की गई है. जिलाधिकारी ने अब इस मामले में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दे दिया है. यह पोस्ट जिस पेज पर पोस्ट की गई है उस पेज के ढाई मिलियन फॉलोअर्स है. फिलहाल आदेश मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
फेसबुक पर द न्यूज इन के नाम से एक पेज है. इस पेज पर तकरीबन ढाई मिलियन फॉलोअर्स है. इस पेज से एक फर्जी पोस्ट की गई है. इस पोस्ट में नेहा सिंह राठौर और खेसारी लाल यादव के नाम का जिक्र है. सबसे बड़ी बात यह है कि पोस्ट में इस बयान को डीएम कानपुर जितेंद्र प्रताप सिंह का बताया गया है और उनकी फोटो भी साथ में दी गई है.
पोस्ट में की गई है आपत्तिजनक टिप्पणी
इस पोस्ट में लिखा है कि, “नेहा सिंह राठौर की इतनी घनघोर बेईज्जती उस पार्टी के विधायक प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने की, जिस पार्टी के मालिक के तलवे चाट, दलाली कर नेहा सिंह राठौड़ का घर चलता है. खेसारी लाल यादव कह रहे हैं कि कौन है ये नेहा सिंह राठौड़ ? होगा कोई आदमी. यूट्यूबर नेहा सिंह राठौर तुम्हारी पार्टी का व्यक्ति ही तुम्हारी इतनी बेइज्जती कर रहा है. तुमको आदमी बोल रहा है. तुमको जानता तक नहीं है”.
जिलाधिकारी कार्यालय की तरफ से आई सफाई
इस पोस्ट के सामने आने के बाद डीएम कार्यालय की तरफ से तुरंत सफाई आई. जिलाधिकारी कार्यालय की तरफ से बताया गया कि यह पोस्ट फर्जी है. इस तरह का कोई बयान डीएम की तरफ से नहीं दिया गया है. इस फर्जी पोस्ट की जानकारी मिलते ही डीएम कार्यालय की तरफ से फेक न्यूज का फॉर्मेट जारी किया गया है. इसके साथ ही डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने इस पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए है.
