जमानत पर छूटकर हो गया फरार, 42 साल से साधु बनकर रह रहा था लूटेरा; ऐसे हुआ अरेस्ट

उत्तर प्रदेश में 42 साल से फरार एक भगोड़े बदमाश को कानपुर पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार किया है. 1984 में लूट व हत्या के प्रयास के आरोप में जमानत पर छूटकर यह अपराधी साधु वेष में छिपा था. इलाहाबाद हाईकोर्ट के वारंट के बाद सोशल मीडिया और ग्रामीण सूत्रों से पुलिस ने इसे आश्रम से दबोचा है.

42 साल बाद बरेली में पकड़ा गया लूट का आरोपी Image Credit:

उत्तर प्रदेश के कानपुर में लूट और हत्या की कोशिश के मामले में फरार एक बदमाश को पुलिस ने 42 साल बाद अरेस्ट किया है. यह बदमाश वारदात के बाद अरेस्ट हुआ था, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद फरार हो गया था. ऐसे में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किया था. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने उसकी सुराग तलाशते हुए बरेली स्थित एक आश्रम से गिरफ्तार किया है. यहां यह बदमाश साधु के वेश में छिपा बैठा था.

फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के मुताबिक काकादेव नई बस्ती में रहने वाले आरोपी राम प्रकाश के खिलाफ साल 1984 में लूट और हत्या की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था. यह मुकदमा कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले अशोक सोनी ने दर्ज कराया था. अपनी शिकायत में बताया था कि आरोपी ने उनके पास से 40 हजार लूट लिए और विरोध करने पर हत्या की कोशिश की थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था.

जेल से छूटकर हुआ था फरार

इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के मुताबिक मूल रूप से कन्नौज में गुरसहायगंज के नौसेरा गांव निवासी राम प्रकाश कुछ दिन बाद जमानत पर छूटा और फरार हो गया था. मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी को कई बार समन भेजा, बावजूद इसके आरोपी जब कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ तो गैर जमानती वारंट जारी किया गया. इसके बाद पीड़ित पक्ष की इलाहाबाद हाईकोर्ट में आई अपील पर हाई कोर्ट ने भी वारंट जारी किया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया है.

फेसबुक के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस

हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस की तीन टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया था. इनमें से एक टीम आरोपी के कन्नौज स्थित गांव में जाकर सुराग तलाश रही थी, वहीं दूसरी टीम सोशल मीडिया खंगालने में जुटी थी. कन्नौज पहुंची टीम को पता चला कि आरोपी साधु बन गया है और किसी आश्रम में रह रहा है. इसी बीच सोशल मीडिया खंगाल रही टीम को बरेली में गजनेरा गांव स्थित बरी बाबा के आश्रम की तस्वीर हाथ लगी. इसमें साधु वेष में आरोपी की तस्वीर लगी थी. इतनी डिटेल के बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को आश्रम से अरेस्ट किया है.

Follow Us