पॉल्यूशन सर्टिफिकेट तभी मिलेगा जब हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट होगा, जारी हुआ नया आदेश

कानपुर समेत प्रदेश भर में 15 अप्रैल से एक नया वाहन नियम लागू हो रहा है. इसके तहत, जिन वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं होगी, उन्हें प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) जारी नहीं किया जाएगा. परिवहन विभाग ने इस व्यवस्था को पीयूसीसी पोर्टल पर लागू कर दिया है.

15 अप्रैल से बिना हाई सिक्योरिटी प्लेट PUC नहीं मिलेगा Image Credit:

उत्तर प्रदेश में अब हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के बिना वाहनों का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) जारी नहीं किया जाएगा. परिवहन विभाग का यह नया नियम 15 अप्रैल से लागू हो जाएगा. इसके लिए पीयूसीसी पोर्टल पर नई तकनीकी व्यवस्था लागू कर दी है. कानपुर एआरटीओ प्रशासन ने सभी वाहनों पर HSRP प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया है.

एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार सभी वाहनों पर यह लागू होता है. इसी क्रम में नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर के माध्यम से पीयूसीसी पोर्टल में तकनीकी बदलाव किए गए हैं. इसके तहत 15 अप्रैल से जिन वाहनों पर एचएसआरपी नहीं होगी, उनका पीयूसी प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा.

कुछ मॉडल के वाहनों को मिली अस्थायी रूप से छूट

एआरटीओ प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन वाहन निर्माता कंपनियों के कुछ मॉडल के लिए फिलहाल हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट उपलब्ध नहीं है, उन वाहनों को इस व्यवस्था से अस्थायी रूप से छूट दी गई है. वाहन मालिकों से अपील है कि वे जल्द से जल्द हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगवा लें, ताकि भविष्य में कोई परेशानी न हो.

HSRP, एक खास नंबर प्लेट है जिसे सिक्योरिटी को ध्यान में रखकर बनाया गया है. इसमें यूनिक कोड और होलोग्राम होते हैं, जिससे हर गाड़ी को आसानी से पहचाना जा सकता है. इससे नकली नंबर प्लेट और चोरी जैसी घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है. इसी वजह से, सरकार ने सभी गाड़ियों के लिए सिस्टम की सिक्योरिटी बढ़ाना ज़रूरी कर दिया है.

प्रदूषण सर्टिफिकेट नहीं होने पर 1000 रुपए का चालान

बता दें कि अगर आपकी गाड़ी के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं है, तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 1,000 रुपए का चालान है. मौजूदा समय में PUC के लिए रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दिया जाता है, उसपर दर्ज फोन नंबर पर OTP के जरिए PUC बनता है. मगर अब OTP के साथ हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) भी अनिवार्य कर दिया गया है.


Follow Us