कानपुर ITBP जवान की मां का हाथ कटने के मामले में दोबारा जांच के आदेश, CMO की रिपोर्ट पर सवाल

कानपुर में ITBP जवान की मां के हाथ कटने के मामले ने तूल पकड़ा है. CMO की रिपोर्ट से असंतुष्ट जवान की गुहार पर ITBP अधिकारी पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचे. कमिश्नर ने CMO को तलब कर मामले की गंभीरता से दोबारा जांच के निर्देश दिए. साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

कानपुर ITBP जवान की मां केस में दोबारा जांच के आदेश Image Credit:

कानपुर के टाटमिल स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में पहले इलाज और उसके बाद पारस अस्पताल में ITBP के जवान की मां के हाथ काटने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. CMO की रिपोर्ट से असंतुष्ट पीड़ित जवान की गुहार पर ITBP अधिकारियों ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की, जिसके बाद मामले में दोबारा जांच के आदेश दिए गए हैं.

आईटीबीपी के कमांडेंट गौरव प्रसाद अपने जवानों के साथ खुद पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे थे. उन्होंने पीड़ित जवान विकास सिंह की मां के मामले में कमिश्नर रघुवीर लाल से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. पीड़ित जवान और उनकी फोर्स का आरोप है कि पहली मेडिकल रिपोर्ट में तथ्यों को सही तरीके से नहीं रखा गया, इसलिए फिर से जांच की जाए.

CMO-जवान को आमने-सामने बैठाकर हुई बात

आईटीबीपी कमांडेंट की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को तुरंत अपने कार्यालय तलब किया. सीएमओ और जवानों को आमने-सामने बैठाकर लंबी बातचीत कराई गई. कमिश्नर ने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि चिकित्सा क्षेत्र की इस गंभीर लापरवाही के हर पहलू की दोबारा और बारीकी से जांच की जाए.

अब पूरे मामले की नए सिरे से जांच होगी, जिसमें अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और इलाज से जुड़े अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जाएगा. ​CMO डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के तहत हर बिंदु को दोबारा देखा जाएगा. हालांकि, वह रिपोर्ट में खामियों को लेकर पूछे गए सवालों पर कोई ठोस जवाब नहीं दे सके.

हमने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की- ITBP कमांडेंट

वहीं, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के कमांडेंट गौरव प्रसाद ने कहा कि हमने पुलिस कमिश्नर साहब से मुलाकात कर एक निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने इसपर सीएमओ हरिदत्त नेमी को कार्यालय बुलाकर हर पहलू की जांच करने को कहा है.

Follow Us