किसने किया प्रेग्नेंट? दोनों बॉयफेंड पर हत्या का केस, DNA टेस्ट कराएगी पुलिस

कानपुर में एक अविवाहित गर्भवती युवती की हत्या ने सनसनी फैला दी है. पुलिस को युवती का शव मिला, जो 5 महीने की प्रेग्नेंट थी. जांच में दो बॉयफ्रेंड के नाम सामने आए हैं. पिता की तहरीर पर एक प्रेमी गिरफ्तार हुआ है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है. पुलिस दोनों प्रेमियों का DNA टेस्ट कराएगी ताकि बच्चे के पिता और हत्या के पीछे की सच्चाई सामने आ सके.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI

उत्तर प्रदेश के कानपुर में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां गुरुवार को एक अविवाहित युवती का शव मिला. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि वह 5 महीने की प्रेग्नेंट थी. पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि इस युवती के एक नहीं, दो-दो बॉयफ्रेंड थे. अब युवती के पिता ने इन दोनों प्रेमियों के खिलाफ अवैध संबंध बनाकर प्रेग्नेंट करने और फिर उससे छुटकारा पाने के लिए हत्या करने का मामला दर्ज कराया है.

पुलिस ने पीड़िता पिता की तहरीर पर एक प्रेमी जो फतेहपुर के जहानाबाद का रहने वाला युवक प्रांजुल पाल है, उसे अरेस्ट कर लिया है, जबकि दूसरे प्रेमी जो पतारा का रहने वाला 50 वर्षीय अधेड़ गोले पांडेय है, की तलाश में जुट गई है. पुलिस के मुताबिक पता किया जा रहा है कि युवती के गर्भ में किसका शिशु पल रहा था. इसके लिए दोनों प्रेमियों के डीएनए सैंपल का मिलान किया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है.

पतारा के एक बाग में मिला था शव

पुलिस के मुताबिक मामला कानपुर के पतारा कस्बे में तिलसड़ा मोड़ का है. यहां बीते गुरुवार को आम के बागमें एक 25 वर्षीय युवती का शव मिला था. युवती के पैरों की तीसरी उंगली में नई बिछिया पहनाई गई थी, माथे पर बिंदी थी और लिपस्टिक से मांग भरी गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत की वजह जहर बताई गई है. पुलिस ने युवती की कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि बुधवार को उसकी दोनों प्रेमियों से फोन पर कई बार बातचीत हुई थी.

अधेड़ प्रेमी ही ले गया था अस्पताल

पुलिस के मुताबिक युवती के जहर खाने के बाद उसके अधेड़ प्रेमी गोले ने ही उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन बाद में वहां से फरार हो गया था. उधर, पुलिस कस्टडी में दूसरे प्रेमी प्रांजुल ने बताया कि युवती उससे रुपये मांग रही थी, मना करने पर उसने जहर खा लिया. प्रांजुल के मुताबिक पतारा में उसकी ननिहाल है. कुछ समय पहले युवती के ही एक दोस्त ने उसे युवती से मिलवाया और फिर दोनों में दोस्ती हो गई थी.

झांसे में लेकर अधेड़ प्रेमी ने किया रेप

पुलिस के मुताबिक युवती के पिता बटाई पर खेत लेकर खेती करते हैं. उन्होंने युवती के अधेड़ प्रेमी गोले की भी जमीन बटाई पर ले रखी थी. इसी दौरान गोले युवती के संपर्क में आया और कानपुर मेट्रो में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रामादेवी स्थित एक किराए के घर में युवती को रखवा दिया. इससे युवती के घर वालों ने उससे बातचीत बंद कर दी थी. आरोप है कि यही पर गोले ने युवती के साथ अवैध संबंध बनाए. यहीं पर प्रांजुल भी उससे मिलने के लिए आता था. युवती गोले से संबंध तो रखना चाहती थी, लेकिन शादी प्रांजुल से शादी करना चाहती थी.

डीएनए जांच में होगा खुलासा

पुलिस के मुताबिक युवती के संबंध गोले और प्रांजुल दोनों से थे, लेकिन उसके गर्भ में पल रहा शिशु किसका था, यह साफ नहीं हो सका है. इसके लिए लिए पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराने का फैसला किया है. पुलिस की पूछताछ में प्रांजुल ने युवती के प्रेग्नेंट होने पर अनभिज्ञता प्रकट की. पुलिस के मुताबिक प्रेग्नेंसी की जानकारी के बाद युवती परेशान थी. इस हाल में गोले तो उसकी मदद कर रहा था, लेकिन प्रांजुल उससे दूरी बनाने लगा था.

Follow Us