सेक्स रैकेट के सरगना की बर्थडे पॉर्टी में क्या कर रहे ये पुलिस वाले? वीडियो वायरल होते मचा हड़कंप, हुआ एक्शन
कानपुर में बहुचर्चित सेक्स रैकेट के सरगना रोहित वर्मा की बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है. वीडियो में रोहित के साथ दो पुलिसकर्मी वर्दी में दिखे. इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने तत्काल दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. यह घटना पुलिस-अपराधी सांठगांठ पर गंभीर सवाल उठाती है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बहुचर्चित सेक्स रैकेट कांड के सरगना रोहित वर्मा की बर्थडे पार्टी का एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में रोहित वर्मा के साथ दो पुलिस वाले भी नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते ही कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया है. इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने तत्काल प्रभाव से इन दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. इसी के साथ मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.
बता दें कि कानपुर में दो दिन पहले नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ था. पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस सेक्स रैकेट के सरगना रोहित को अरेस्ट किया था. फिर इसी आरोपी की पहचान और निशानदेही पर शहर के करीब 20 होटलों में छापेमारी की. पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के होटल संचालकों और इस काले धंधे में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया था.
अब वायरल हो रहे वीडियो
पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद रैकेट सरगना रोहित वर्मा को जेल भेज दिया, लेकिन अब रोहित के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में आरोपी किशोर के साथ हैवानियत करता नजर आ रहा है. वहीं दूसरे वायरल वीडियो में वह जन्मदिन पार्टी कर रहा है. इसी वीडियो में दो पुलिस वालों के नजर आने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी वर्दी में हैं और आरोपी के साथ नजर आ रहे हैं.
सेन पश्चिम पारा थाने में थी तैनाती
वायरल वीडियो की जांच करते हुए कानपुर पुलिस ने दोनों पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली है. इनमें एक कांस्टेबल दीपक चौधरी है तो दूसरा कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार है. यह दोनों थाना सेन पश्चिम पारा में तैनात थे. एक अपराधी के साथ पुलिसकर्मियों के कनेक्शन को गंभीर बताते हुए पुलिस कमिश्नर ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है. सहायक पुलिस आयुक्त (घाटमपुर) की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई डीसीपी (दक्षिण) ने की है.
