‘बुग्गू लव यू’, पत्नी ने पढ़ा दूसरी महिला का चैट, पूछने पर पीटने लगा पति, फिर जो हुआ….
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पति की तानाशाही इतनी ज्यादा बढ़ गई कि रिश्ते में पत्नी को धोखा देता था और जब पत्नी ने सवाल पूछने शुरू किए तो उसे प्रताड़ित करने लगा. पत्नी ने पति के फोन में 'बुग्गू लव यू' का मैसेज पढ़ा.
कानपुर के नौबस्ता में एक घरेलू कलह का मामला सामने आया जहां एक पत्नी ने अपने पति के मोबाइल में दूसरी महिला से हुई चैट देख ली. चैट पढ़ने के बाद पति पत्नी में विवाद हो गया जो इतना बढ़ गया कि पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया. आनन-फानन में पत्नी को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई. अब पत्नी के घरवालों ने पति के खिलाफ तहरीर दी है. पति की चैट में किसी से कई रोमांटिक मैसेज किए गए थे.
नौबस्ता के यशोदा नगर, राजीव नगर के रहने वाले मुकेश दुबे पेशे से एक पेंसिल कंपनी में मैनेजर हैं. उनकी शादी करीब 14 साल पहले रसूलाबाद की राधा देवी से हुई थी. इनके दो बच्चे हैं. राधा देवी के भाई योगेश तिवारी ने बताया कि सोमवार रात उनकी भांजी ने फोन पर सूचना दी कि मां ने जहरीला पदार्थ खा लिया है. घरवाले उसे तत्काल निजी अस्पतालों में इलाज के लिए ले गए, लेकिन सभी अस्पतालों ने गंभीर हालत बताते हुए रेफर कर दिया. अंततः सीसीआर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने राधा देवी को मृत घोषित कर दिया.
दूसरी महिला से करता था चैटिंग
घरवालो ने आरोप लगाया कि मुकेश दुबे की दूसरी महिला से अवैध चैटिंग की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया था. योगेश तिवारी ने बताया कि राधा देवी ने अपने पति के मोबाइल में उस महिला से चल रही चैटिंग देखी थी. चैट में “बुग्गू लव यू”, “बुग्गू खाना खाया”, जैसे प्रेम भावनाओं से जुड़े संदेश पाए गए. इससे नाराज होकर राधा देवी ने मुकेश से मामले की पूछताछ की, लेकिन उनके बीच कलह और मारपीट का सिलसिला शुरू हो गया.
पत्नी के घरवालों का आरोप है कि मुकेश के महिलाओं से संबंध थे जिसका मृतका विरोध करती थी. इसी बात को लेकर कई बार दोनों में मारपीट भी होती थी. कई बार समझाने के बावजूद मुकेश अपनी आदतों से बाज नहीं आता था. इस बार तो चैट देखने के बाद दोनों में काफी झगड़ा हुआ था.
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मोबाइल चैटिंग की असलियत को उजागर करने के लिए डिजिटल फॉरेंसिक जांच की जाएगी. साथ ही, मृतका के घरों से विस्तृत बयान लिए जा रहे हैं. आरोपी मुकेश दुबे के खिलाफ तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.