कासगंज के कस्तूरबा स्कूल में 10वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल में फंदे से लटका मिला शव

कासगंज के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे हड़कंप मच गया. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. परिजन मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

कस्तूरबा गांधी स्कूल में छात्रा की संदिग्ध मौत Image Credit:

कासगंज के सिढ़पुरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा 10 की 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर छात्रा को कमरे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्रा की पहचान अनन्या मिश्रा, पुत्री निर्दोष मिश्रा के रूप में हुई है. अनन्या कासगंज के थाना अमांपुर स्थित सैदपुर गांव की रहने वाली थी. बताया जा रहा है कि वह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सिढ़पुरा में कक्षा 10 की छात्रा थी और हॉस्टल के कमरा नंबर-14 में अपनी तीन अन्य सहपाठियों के साथ रहती थी.

परिजन भी मौके पर पहुंचे, रो-रोकर बुरा हाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा के कक्षा में अनुपस्थित रहने पर वार्डन उसकी तलाश में हॉस्टल के कमरे तक पहुंचे. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां छात्रा फंदे से लटकी मिली. पुलिस ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी.

घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

किन परिस्थितियों में हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. साथ ही पुलिस स्कूल के वार्डन समेत मृतक छात्रा के अन्य सहपाठियों से भी पूछताछ कर रही है.

Follow Us