एक प्लेट चाऊमिन पर महासंग्राम, शादी समारोह में बुलानी पड़ी पुलिस; गुस्से में दुल्हन ने लौटाई बारात
उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक शादी समारोह में चाऊमिन को लेकर दूल्हे के दोस्तों के बीच हिंसक झड़प हो गई. मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को बुलाना पड़ा. घटना से गुस्सा होकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और बारात वापस लौटा दी. इस अप्रत्याशित विवाद के कारण विवाह रद्द हो गया.
वैसे तो किसी भी शादी में दूल्हे के दोस्त अलग ही टशन में रहते हैं, लेकिन कई बार यही टशन मुशीबत की वजह बन जाता है. कुछ यही स्थिति उत्तर प्रदेश के कासगंज में आई एक बारात में देखने को मिली. यहां दूल्हे के दोस्तों ने दुल्हन के मंडप में एक प्लेट चाऊमिन को लेकर जो बवाल काटा कि मारपीट की नौबत आ गई. मामला बिगड़ते देख दुल्हन पक्ष ने पुलिस तक बुला ली. इतने में दुल्हन को मामले की जानकारी हुई तो वह खुद गुस्से में आ गई और उसने शादी से इनकार करते हुए बारात बैरंग लौटा दी.
जानकारी के मुताबिक मामला कासगंज के ही गंजडुंडवारा स्थित एक मैरिज हॉल का है. इस मैरिज हॉल में कासगंज के ही दरियागंज की रहने वाली एक युवती की शादी समारोह का आयोजन किया गया था. बारात सिढपुरा गांव से आई थी. एक तरफ मंडप में शादी की रस्में चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर दूल्हे के दोस्त एवं अन्य बाराती खाने पीने में लग गए. इसी दौरान चाऊमिन के स्टॉल पर कोई विवाद हो गया. इसको लेकर दूल्हे के दोस्तों ने ऐसा बवाल काटा कि शादी समारोह में मारपीट शुरू हो गई.
लड़की वालों ने बुलाई पुलिस
देखते ही देखते बवाल काफी बड़ा हो गया. घराती-बाराती दोनों ही पक्ष आमने सामने आ गए. बताया जा रहा है कि इस मारपीट में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हो गए. ऐसे में लड़की पक्ष ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 112 में फोन कर घटना की जानकारी दी. थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को अलग किया. इतने में मंडप में रस्म के दौरान किसी ने दुल्हन को भी घटना की जानकारी दे दी. यह सुनते ही दुल्हन भड़क गई.
दूल्हे को मंडप से खदेड़ा
घटना की खबर सुनकर दुल्हन का पारा ऐसा गर्म हुआ कि उसने मंडप में बैठे दूल्हे का हाथ पकड़ कर उठा दिया और तुरंत वहां से भाग जाने का फरमान सुना दिया. पहले तो दूल्हे को भी कुछ समझ में नहीं आया, लेकिन वह दुल्हन के तेवर देखकर मंडप से उठकर बाहर आ गया. यहां अपने परिजनों ने से उसे पूरे मामले की जानकारी हुई. इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आई. जहां आपसी समझौते के बाद शादी कैंसिल हो गई.