एक शादी ऐसे भी: जैसे ही पहुंची बारात, GF ने कराया अरेस्ट, जमानत पर छूटते ही दूल्हे ने पढ़ा निकाह
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक शादी समारोह सुर्खियों में है. बारात पहुंचते ही दूल्हे को उसकी पूर्व प्रेमिका ने पुलिस के हाथों गिरफ्तार करवा दिया. घंटों पुलिस हिरासत में रहने और जमानत मिलने के बाद, दूल्हा सीधा मैरिज हॉल पहुंचा. जहां दुल्हन के परिवार ने शादी से मना किया, लेकिन दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही और आखिरकार देर रात दूल्हे के साथ निकाह पढ़ा गया.
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ एक शादी समारोह इस समय सुर्खियों में है. दरअसल दूल्हा जैसे ही बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा, ठीक उसी समय उसकी गर्लफ्रेंड पुलिस लेकर पहुंच गई. पुलिस ने गर्लफ्रेंड की शिकायत पर दूल्हे को अरेस्ट कर लिया. इधर, दुल्हन मैरिज हॉल में अपने दूल्हे का इंतजार करती रही. देर शाम दूल्हे ने भी जमानत पर छूटते ही सीधे मैरिज हॉल पहुंचकर अपनी दुल्हन के साथ निकाह पढ़ लिया.
जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर के रहने वाले आरिफ की शादी कुशीनगर के खड्डा कस्बे में रहने वाली युवती के साथ तय हुई थी. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक दूल्हा बारात लेकर सोमवार को खड्डा पहुंच गया. इतने में आरिफ की पूर्व प्रेमिका को खबर मिल गई और वह पुलिस लेकर मैरिज हॉल पहुंच गई. उसने पुलिस में तहरीर दिया था कि आरिफ ने उसे धोखा दिया है. वह लंबे समय तक एक दूसरे के साथ रिलेशन में रहे, लेकिन अब आरिफ दूसरी लड़की से शादी कर रहा है.
पुलिस ने किया चालान
गर्लफ्रेंड की शिकायत पर मैरिज हॉल पहुंची और दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने आ गई. काफी देर तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने दूल्हे का चालान भी कर दिया. इधर, मैरिज हॉल में दुल्हन पक्ष के लोग इंतजार करते रहे. बाद में चालान की जानकारी मिली तो वह भी थाने पहुंचे. इसके बाद दोनों परिवारों में असमंजस की स्थिति बन गई. हालांकि दूल्हा भी कम नहीं था. उसने तत्काल जमानत की व्यवस्था कराई और जमानत मिलते ही सीधे मैरिज हॉल पहुंच गया.
शादी की जिद पर अड़ी दुल्हन
उधर, मैरिज हॉल में नया बवाल शुरू हो गया. पूरा प्रकरण जानने के बाद दुल्हन के पिता ने शादी से इनकार कर दिया. इसकी खबर दुल्हन को मिली तो वह आगे आई और इसी दूल्हे से शादी की जिद पर अड़ गई. आखिर में दूल्हा और दुल्हन की जिद को देखते हुए देर शाम दोनों को निकाह पढ़ाया गया. इस घटना की चर्चा अब सोशल मीडिया में खूब हो रही है.