‘देखना नहीं है, बस करवा दीजिए इसको…’ समाधान दिवस में बच्चे ने रखी ऐसी फरियाद, जीत लिया अफसरों का दिल

लखीमपुर खीरी के समाधान दिवस में एक 13 वर्षीय बच्चे ने अपनी बेबाक फरियाद से सबका दिल जीत लिया. आर्थिक तंगी के चलते उसने अपने मकान के ताले खुलवाने की गुहार लगाई ताकि किराए से घर चल सके। जब इंस्पेक्टर ने 'दिखवाते हैं' कहा, तो बच्चे ने 'देखना नहीं है, बस करवा दीजिए इसको' कहकर DM से तुरंत कार्रवाई की मांग की, जिस पर DM ने तत्काल आदेश जारी किए.

डीएम के सामने फरियाद करता बच्च

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आयोजित समाधान दिवस के दौरान एक ऐसी फरियाद आई, जिसे सुनकर डीएम ही नहीं, वहां मौजूद सभी अफसर मुस्कराने लगे. यह फरियाद एक 13 साल का बच्च जो 8वीं का छात्र है, लेकर पहुंचा था. इसने बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी. इसे सुनकर डीएम ने पुलिस इंस्पेक्टर को कार्रवाई का निर्देश दे दिया. इसके जवाब में जैसे ही इंस्पेक्टर ने कहा कि दिखवाते हैं, तो बच्चा फिर बोल पड़ा कि ‘देखना नहीं है, बस करवा दीजिए इसको…’

यह सुनकर वहां मौजूद हर कोई हंस पड़ा. यह घटनाक्रम शनिवार को आयोजित समाधान दिवस का है. डीएम समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियाद सुन रहे थे. इसी दौरान एक 13 साल का बालक अपनी फरियाद लेकर सामने जा खड़ा हुआ. आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले इ छात्र अमिताभ गुप्ता से डीएम ने उसकी शिकायत पूछी तो वह सधे अंदाज में अपना दर्द बयां कर गया. कहा कि वह शहर के ईदगाह मुहल्ले का रहने वाला है. उसके मकान के एक हिस्से में उसकी ताई ने ताला डाल दिया है.

बच्चे ने की ऐसी गुहार

उसने बेहद संजीदगी से अपनी पारिवारिक स्थिति बयां की. कहा कि साहब, घर का खर्च नहीं चल रहा है. अगर मकान का ताला खुल जाए तो मम्मी उसे किराए पर उठा देंगी. इससे जो किराया मिलेगा, उससे हमारा घर चल सकेगा. उसने अपनी तंगहाली का जिक्र करते हुए कहा कि आज के दौर में घर में सिर्फ 50 रुपए की सब्जी आती है, जिससे गुजारा करना मुश्किल हो रहा है. यह सुनकर डीएम ने तत्काल पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया.

इस बात पर खिलखिला पड़े सभी

डीएम के निर्देश पर इंस्पेक्टर ने कहा कि अभी दिखवाते हैं. यह सुनकर बच्चे ने कहा- साहब, देखना नहीं है, इसे बस करवा दीजिए. 13 साल के बच्चे की ऐसी समझदारी और बेबाक अंदाज देखकर वहां मौजूद सभी अधिकारी हंस पड़े. डीएम ने मामले की गंभीरता और बच्चे की मासूमियत को देखते हुए तुरंत पुलिस को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए है. इसके बाद इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बालक को भरोसा देते हुए कहा, आज ही इस मामले को कराते हैं.

Follow Us