बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर के घर पर इनकम टैक्स का छापा, 50 से ज्यादा अधिकारी खंगाल रहे हैं एक-एक डॉक्यूमेंट्स

लखनऊ में आयकर अधिकारियों ने बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर छापा मारा है. आवास के अंदर-बाहर जाने की आवाजाही को सीमित कर दिया गया है. हालांकि, विभाग की ओर से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह पर इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

विधायक उमाशंकर सिंह Image Credit:

बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास पर इनकम टैक्स का छापा पड़ा है. 50 से ज्यादा आयकर अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ सुबह 7 बजे उनके आवास पर पहुंचे. आयकर अधिकारी उनके आवास पर दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं. इसके अलावा उमाशंकर सिंह के बलिया और सोनभद्र के ठिकानों पर भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने रेल मारी है. आयकर विभाग की इस कार्रवाई से राजनीति हलकों में हलचलें तेज हो गई है.

आयकर अधिकारियों ने उमाशंकर सिंह के घर के बाहर घेरा बना दिया है. घर के अंदर-बाहर जाने की आवाजाही की सीमित कर दिया गया है. हालांकि, विभाग की ओर से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह पर इस कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. विभाग उमाशंकर सिंह के वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है.

‘उमाशंकर सिंह के पास 52 करोड़ की संपत्ति’

साल 2022 में हुए विधानसभा चुनावों में पूरे प्रदेश के अंदर बसपा को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी. रसड़ा विधानसभा से उमाशंकर सिंह बसपा से जीतने वाले एकमात्र प्रत्याशी थे. 2022 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उमाशंकर सिंह के पास 52 करोड़ की संपत्ति है. उमाशंकर सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह C. S. INFRACONSTRUCTION की मैनेजिंग डायरेक्टर है. यह कंपनी सड़क निर्माण करने वाली बड़ी कंपनियों में से एक है.

2024-25 में इस कंपनी का था 10 हजार करोड़ का टर्नओवर

इसकी शुरुआत 2002 में उमाशंकर सिंह ने की थी. बाद में पत्नी को मैनेजिंग डायरेक्टर बना दिया गया. 2024-25 में इस कंपनी ने 10 हजार करोड़ का टर्नओवर किया था. इस कंपनी के पास आधा दर्जन से अधिक हॉट मिक्स प्लांट और क्रेशर है. कंपनी के नाम पर 250 से अधिक ट्रेलर (डंपर) के साथ ही दो पेट्रोल पंप भी है. इसके अलावा C.S. LUXURY HOTELS नाम की कंपनी में उमाशंकर की पत्नी पुष्पा सिंह के साथ ही बेटा योकेश सिंह भी डायरेक्टर है. इस कंपनी के कई होटल और रिसॉर्ट बताए जाते हैं.

यूपी विधानसभा सत्र में भी मौजूद नहीं थे उमाशंकर

बलिया की रसड़ा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक उमाशंकर सिंह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे हैं. उनका इलाज अमेरिका में चल रहा है. बताया जाता है कि उन्हें कैंसर है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की है. यूपी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी उमाशंकर सिंह मौजूद नहीं थे. इसके बाद से ही उमाशंकर सिंह के बीमार होने की चर्चाएं तेज हो गई थी.

ठेकेदारी से राजनीति तक का सफर

उमाशंकर सिंह बलिया के रसड़ा तहसील के खनवर गांव के रहने वाले हैं. उनकी शिक्षा बलिया में हुई. कालेज के दिनों में उन्होंने छात्र राजनीति भी की लेकिन ज्यादा सफलता हाथ नहीं लगी. फिर ठेकेदारी में कूद गए. इस दौरान जिला पंचायत का चुनाव लड़े और जीते. ठेकदारी करते हुए उन्होंने काफ़ी धन कमाया. फिर 2012 में रसड़ा विधानसभा से बसपा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत गए. उसके बाद से वह लगातार तीन बार से रसड़ा विधान सभा से बसपा के विधायक हैं.