सूखी ब्रेड की शिकायत करने पर रेस्टोरेंट वालों ने युवक को लोहे की रॉड से मारा, फिर ऊपर चढ़ा दी कार

लखनऊ में एक युवक ने ब्रेड सुखी होने की शिकायत रेस्टोरेंट से की तो वहां के स्टॉफ्स ने उसे पीटना शुरू कर दिया. लोहे की रॉड से हमला किया. फिर उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी. फिलहाल, युवक कोमा में है. अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है.

सूखी ब्रेड की शिकायत करने पर रेस्टोरेंट वालों ने पीटा

लखनऊ के रेस्टोरेंट में ब्रेड सुखी होने की शिकायत करना एक युवक के लिए भारी पड़ गया. रेस्टोरेंट वालों को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने पहले तुषार नाम के शख्स को लोहे की रॉड से मारा. फिर जब वह अधमरा हो गया तो उसपर क्रेटा कार चढ़ा दी. अब तुषार कोमा में है, उधर परिजन थाने का चक्कर लगा रहे हैं. वहीं, घटना को अंजाम देने वाले बिना किसी खौफ के अपना रेस्टोरेंट चला रहे हैं.

तुषार कंस्ट्रक्शन साइट से लौट रहे थे. इस दौरान उन्हें भूख लगी तो अपने एक दोस्त को कॉल कर बुला लिया. दोनों लखनऊ के शहीद पद पर स्थित कालिका होटल पहुंच गए. उन्होंने ब्रेड से जुड़ी कोई डिश आर्डर की, उसे गाड़ी में ही बैठकर खाने लगे. तुषार को लगा ब्रेड सुखी है. उन्होंने वेटर को आवाज देने के लिए हॉर्न बजाया.

तुषार के हॉर्न बजाने से नाराज हो गए रेस्टोरेंट वाले

तुषार के हॉर्न बजाने से रेस्टोरेंट के लोग इतना नाराज हो गए कि उन्होंने तुषार और उसके साथी नमन को पीटना शुरू कर दिया. तुषार ने जब इसका विरोध किया तो रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों ने पहले लोहे की कुर्सी और रॉड से उसके सिर पर हमला किया. रॉड लगने से तुषार वहीं, बेहोश हो गया.

पीटने के बाद तुषार के ऊपर कार चढ़ा दी

हमलावरों का इतने से भी मन नहीं भरा तो उन्होंने अपनी क्रेटा तुषार के ऊपर चढ़ा दी. इस दौरान उनकी गाड़ी इतनी अनियंत्रित थी क्यों आगे जाकर एक रोडवेज बस में भी टकरा गई. तुषार के दोस्त नमन किसी तरह तुषार को वहां से लेकर निकले और अस्पताल में भर्ती कराया . अब तुषार कोमा में हैं. डॉक्टर उनकी हालत गंभीर बता रहे हैं.

तुषार का परिवार थाने के चक्कर काटने को मजबूर

इधर तुषार भर्ती है, उधर परिवार वाले थाने के चक्कर काटने को मजबूर हैं. तुषार की मां ने बताया की पुलिस इस पूरे मामले में लापरवाही बरत रही है. तुषार के दोस्त नमन ने बकायदे गाड़ी का नंबर नोट कर लिया था. पुलिस को उपलब्ध भी करा दिया. लेकिन अब तक पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है. उधर थाना सुशांत गोल्फ सिटी का यह दावा है कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है.