2000 करोड़ रुपए खर्च कर UP के 28,830 चौराहों का कायाकल्प करेगी योगी सरकार
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार के लिए 2000 करोड़ रुपये की योजना शुरू की है. इसके तहत 28,830 चौराहों को बेहतर बनाया जाएगा. दो लेन की सड़कें चौड़ी की जाएंगी और पेव्ड शोल्डर बनाए जाएंगे, जिससे न केवल ट्रैफिक की कनेक्टिविटी बढ़ेगी बल्कि पैदल यात्रियों के लिए भी आसानी होगी.
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ा कदम उठा रही है. सरकार ने 2000 करोड़ की लागत से 28,830 चौराहों का कायाकल्प करने का फैंसला किया है. इस पूरी प्रक्रिया को प्रदेश के ट्रैफिक सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
1,435 स्पॉट्स का होगा सुधार
सीएम योगी के निर्देशों के तहत लोकनिर्माण विभाग ने इस सुधार योजना का खाका तैयार किया है. इसके तहत 2021 से 2024 तक प्रदेशभर के 1,435 स्पॉट्स का सुधार किया गया है. इसके अलावा, सरकार अब ऐसी सड़कों को चौड़ा करने पर फोकस कर रही है, जिनकी चौड़ाई दो लेन से कम है. इन मार्गों को अब पेव्ड शोल्डर के साथ दो लेन चौड़ा किया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके साथ ही, 50 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाले राज्यमार्गों पर ट्रक ले-बाई के निर्माण कार्य में भी तेजी लाई जाएगी. इससे लगभग 8,888 किलोमीटर से अधिक सड़कें ट्रक ले-बाई से लैस की जाएंगी. इसके अलावा, जिन सड़कों पर यातायात की स्पीड तय मानक स्पीड से 50 फीसदी कम है, उन सड़कों पर मेजर जियोमेट्रिक इंप्रूवमेंट की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि ट्रैफिक की गति में सुधार के साथ- साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा सके.
पैदल यात्रियों का रखा जाएगा ध्यान
लोकनिर्माण विभाग के मुताबिक 748 करोड़ रुपये की लागत से 895 पेव्ड शोल्डर बनाने का काम किया जाएगा. इसके बाद सभी मुख्य सड़कों को कम से कम दो लेन चौड़ा किया जाएगा. इस पूरी योजना के तहत पैदल यात्रियों की सुविधा का खास ख्याल रखा जाएगा. इसके अलावा ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है जो भविष्य में जोखिम वाले हो सकते हैं, इन जगहों को दुरुस्त करने के लिए काम किया जाएगा. इस योजना का मकसद न केवल प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना है, बल्कि लोगों को सुरक्षित यातायात की सुविधा भी मुहैया कराना है. जानकारों का मानना है कि इस प्रोजेक्ट से यूपी में सड़कों की कनेक्टिविटी में बड़े पैमाने पर सुधार आएगा.
