कोरोना के बाद अब इबोला का खतरा, लखनऊ एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, इस अस्पताल में 6 बेड रिजर्व

इबोला संक्रमण की आशंका को देखते हुए लखनऊ एयरपोर्ट पर विशेष स्वास्थ्य टीम तैनात कर दी गई है. विदेशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी और किसी भी संदिग्ध लक्षण वाले व्यक्ति की तत्काल चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी. इसके अलावा उपचार और आइसोलेशन की व्यवस्था के तहत लोकबंधु अस्पताल में छह बेड आरक्षित किए गए हैं.

इबोला का खतरा ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

कोरोना महामारी के बाद अब इबोला वायरस ने विश्व स्तर पर नई चिंता पैदा कर दी है. अफ्रीकी देशों डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में संक्रमण के तेजी से फैलने की खबरों के बीच राजधानी लखनऊ में भी स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है. संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं.

अलर्ट मोड में लखनऊ एयरपोर्ट

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर एन.बी. सिंह ने बताया कि इबोला संक्रमण की आशंका को देखते हुए चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विशेष स्वास्थ्य टीम तैनात कर दी गई है. विदेशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी और किसी भी संदिग्ध लक्षण वाले व्यक्ति की तत्काल चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी.

लोकबंधु अस्पताल में छह बेड आरक्षित

संभावित मरीजों के उपचार और आइसोलेशन की व्यवस्था के तहत लोकबंधु अस्पताल में छह बेड आरक्षित किए गए हैं. अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाएं, सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट) और अन्य चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं.

लखनऊ में इबोला वायरस का कोई पुष्ट मामला नहीं

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि फिलहाल लखनऊ में इबोला वायरस का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है. हालांकि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है. स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. किसी भी अपरिहार्य स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.

कितना खतरनाक है इबोला वायरस?

इबोला वायरस एक गंभीर और कई मामलों में जानलेवा संक्रामक बीमारी है. इसके लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त और गंभीर स्थिति में आंतरिक एवं बाहरी रक्तस्राव शामिल हैं. यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के रक्त, शारीरिक द्रवों या संक्रमित वस्तुओं के संपर्क में आने से फैलता है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

Follow Us