अंडरपास में फंसी गाड़ी तो नोएडा एलिवेटेड रोड पर लगा जाम, दो घंटे तक फंसे रहे लोग; कइयों की छूटी ड्यूटी
नोएडा में सोमवार को सेक्टर 18 अंडरपास में एक गाड़ी खराब होने की वजह से एलिवेटेड रोड पर भीषण जाम लग गया. पीक आवर्स में 2 घंटे तक लोग इस जाम में फंसे रहे, जिससे उनका वर्क-शेड्यूल बुरी तरह प्रभावित हुआ. लोगों ने पुलिस की धीमी प्रतिक्रिया और सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता पर सवाल उठाए. पुलिस ने बाद में क्रेन से गाड़ी हटाकर जाम खुलवाया, लेकिन नागरिकों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा में सोमवार को भयंकर जाम की स्थिति बनी. सोमवार को पीक ऑवर शुरू होते ही नोएडा सेक्टर 18 के अंडरपास में एक गाड़ी फंस गई. इसकी वजह से एलिवेटेड रोड पर भीषण जाम लग गया. स्थिति यहां तक आ गई कि डेढ़ से दो घंटे में लोग मुश्किल से सौ से दो सौ मीटर चल पाए. समय पर अपने दफ्तर पहुंचने के लिए निकले लोग इस जाम में फंसने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट करने लगे.
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अंडरपास में खराब पड़ी गाड़ी को क्रेन की मदद से हटाकर जाम खुलवाया. इतने समय में सैकड़ों लोगों का वर्क शेड्यूल बिगड़ गया. चूंकि एक बार एलिवेटेड रोड पर चढ़ने के बाद बाहर निकलने का विकल्प नहीं है, ऐसे में कई लोगों ने अपने दफ्तरों में कॉल कर या तो छुट्टी ले ली या फिर हॉफ्डे लगाया. इस घटना को लेकर लोगों ने पुलिस और प्रशासन पर कड़ी नाराजगी प्रकट की है.
क्या केवल चालान के लिए हैं कैमरे?
जाम में फंसे लोगों ने एलिवेटेड रोड पर जगह जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता पर भी सवाल उठाया. कहा कि ढाई घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे, लेकिन तीन जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद नोएडा पुलिस को खबर तक नहीं लगी. आखिर में सोशल मीडिया पर पोस्ट के बाद करीब ढाई घंटे बाद पुलिस हरकत में आई. इस रोड पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती पर भी लोगों ने सवाल उठाया. पूछा कि आखिर ढाई घंटे तक अति व्यस्त रोड होने के बावजूद नोएडा पुलिस कहां गायब थी.
इसलिए हुई दिक्कत
जानकारी के मुताबिक सुबह भंगेल की तरफ से आने वाले वाहन फर्राटा भरते हुए सेक्टर 18 की ओर निकल रहे थे. इसी दौरान एक गाड़ी सेक्टर 18 के अंडरपास में घुसते समय खराब हो गई. इसकी वजह से तीन लेन की सड़क में से एक लेन बाधित हो गई. इसकी वजह से मौके पर बॉटलनेक बन गया. इससे गाड़ी रेंगने लगी. चूंकि उस समय तक पीक ऑवर शुरू हो गया था, इसलिए एलिवेटेड रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और थोड़ी ही देर में गाड़ियों के पहिए थम गए.
मुश्किल से खुला जाम
डीसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र के मुताबिक अंडरपास में एक गाड़ी खराब होने की वजह से एलिवेटेड रोड पर जाम लगा था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से इस गाड़ी को हटाया और करीब आधे घंटे में जाम में फंसी गाड़ियों को निकाला गया. उन्होंने बताया कि अब एलिवेटेड पर यातायात सामान्य हो गया है. उधर, जाम में फंसने की वजह से अपनी डयूटी पर देरी से पहुंचने वाले लोगों ने इसे नोएडा पुलिस की लापरवाही बताया है.
