‘सपने में दिखीं 270 सीटें’, अखिलेश बोले- झूठ फैलाने वालों पर कराएंगे FIR

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें सपने में सपा की 270 सीटें दिखाई दीं और प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है. साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पार्टी और नेताओं के खिलाफ फर्जी व भ्रामक प्रचार करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी. अखिलेश ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें सपने में समाजवादी पार्टी की 270 सीटें दिखाई दीं और जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है. इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे फर्जी प्रचार को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि झूठी और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज कराएंगे.

लखनऊ में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि राज्य में सत्ता विरोधी माहौल है और आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें पिछली रात सपने में समाजवादी पार्टी को 270 सीटें मिलती दिखाई दीं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और सपा के पक्ष में माहौल बन रहा है.

सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने वालों को चेतावनी

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर पार्टी और नेताओं के खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है. समाजवादी पार्टी अब ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या समूह जानबूझकर फर्जी सामग्री, गलत जानकारी या भ्रामक प्रचार करेगा, उसके खिलाफ पार्टी एफआईआर दर्ज कराएगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे सोशल मीडिया पर साझा की जा रही जानकारी की सत्यता जांचने के बाद ही उसे आगे बढ़ाएं.

भाजपा विधायकों पर किया बड़ा दावा

अखिलेश यादव ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के कई विधायक अपना विधानसभा क्षेत्र बदलने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि उनमें राजनीतिक साहस है तो वे अपने मौजूदा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ें. अखिलेश ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले दस सालों में सरकार कोई नया बड़ा काम नहीं कर सकी. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय शुरू हुई कई परियोजनाओं का उद्घाटन आज भी सरकार अपने नाम पर कर रही है.

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी बोले

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकरण ने करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं को आहत किया है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मामले का संज्ञान संबंधित संस्थाओं को लेना चाहिए ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके.

‘2027 में पूरी तैयारी के साथ उतरेगी सपा’

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी. उन्होंने दावा किया कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर रही है और चुनावी प्रक्रिया के हर चरण पर नजर रखेगी. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी केवल वोटिंग तक ही नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया के हर पहलू पर सतर्क रहेगी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे.

Follow Us