चुनावी मैदान से पहले BJP का ‘सेवा संकल्प’, लखनऊ में आज 700 पदाधिकारी बनाएंगे रणनीति

उत्तर प्रदेश में बीजेपी 'सेवा संकल्प अभियान' चला रही है. यह अभियान पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. इसका उद्देश्य घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताना है. यह 2027 चुनाव से पहले पार्टी का बड़ा जनसंपर्क अभियान होगा.

सीएम योगी और पंकज चौधरी (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी अब अपने संगठनात्मक और जनसंपर्क अभियानों को धार देने में जुट गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी प्रदेश में एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाने जा रही है. इसी अभियान की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आज राजधानी लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है.

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्श प्रेक्षागृह में होने वाली इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत पार्टी और संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.

प्रदेश से लेकर बूथ तक अभियान की तैयारियां

प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में सभी प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा बीजेपी के छह क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला संयोजकों को बुलाया गया है. बैठक में अभियान को मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी.

पार्टी की कोशिश है कि सेवा संकल्प अभियान महज संगठनात्मक कार्यक्रम न रहकर व्यापक जनसंपर्क अभियान का रूप ले. इसके तहत बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे.

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

बीजेपी का यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान को पार्टी ने सेवा, समर्पण और जनसंपर्क से जोड़ने की तैयारी की है.

अभियान के दौरान पार्टी की ओर से विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शनियां और अन्य जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

वाराणसी मॉडल पर रहेगा खास फोकस

अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को एक मॉडल के तौर पर प्रस्तुत करने की योजना भी है. वाराणसी में हुए विकास कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभाव को जनता के सामने रखने के लिए विशेष कार्यक्रम तैयार किए जा सकते हैं.

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर संगठन के लिए जनता के बीच जाने और सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर रखने का महत्वपूर्ण मौका है.

2027 से पहले BJP का बड़ा जनसंपर्क अभियान

दरअसल, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं. बीजेपी लगातार संगठन को सक्रिय करने के साथ अलग-अलग अभियानों के जरिए कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार रही है. ऐसे में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को चुनाव से पहले बीजेपी के बड़े जनसंपर्क अभियानों में से एक माना जा रहा है.

प्रदेश कार्यशाला में न सिर्फ एक महीने के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होगी, बल्कि यह भी तय होगा कि अभियान को प्रदेश से लेकर जिले, मंडल और बूथ स्तर तक किस तरह प्रभावी बनाया जाए. पार्टी की कोशिश सेवा और जनसंपर्क के जरिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के साथ सरकार की उपलब्धियों को भी घर-घर तक पहुंचाने की है.

Follow Us