समाजवादी पार्टी में टूट को कौन करेगा लीड? ओम प्रकाश राजभर ने बता दिया नाम
ओम प्रकाश राजभर ने आने वाले वक्त में समाजवादी पार्टी में टूट का दावा किया था. अब उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए टूट का नेतृत्व कौन करेगा, इसको लेकर भी हिंट दे दिया है.
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार यानी 17 जून को दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी. उन्होंने अपने X अकाउंट पर ट्वीट करते हुए कहा था कि कि ‘राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है.खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है. शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है.महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है.
ओपी राजभर ने बताया टूट को कौन करेगा लीड
अब ओम प्रकाश राजभर ने एक कदम आगे बढ़ते हुए इस मसले पर एक और ट्वीट किया है. उन्होंने अपने X अकाउंट पर लिखा कि कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है?तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा. और करें भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है.योजना पहले से थी, लेकिन कल की घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है. टूटकर रहेगी.
ओम प्रकाश राजभर ने अपने X अकाउंट पर आगे लिखा कि मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, ऐसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें. और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे.
अखिलेश यादव ने राजभर को दिया था तीखा जवाब
ओम प्रकाश राजभर के सपा में टूट के दावे पर अखिलेश यादव ने तीखा जवाब दिया था. उन्होंने कहा कि भविष्यवाणी करने वालों को पहले अपनी पार्टी का भविष्य देखना चाहिए।. अखिलेश ने तंज कसते हुए पूछा कि भाजपा उनके सहयोगियों को आखिर कितनी सीटें देने जा रही है 75, 50 या फिर केवल आश्वासन? भाजपा गठबंधन में सीटों को लेकर अफवाहें फैलाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है. कुछ लोग गठबंधन की सीटों को लेकर पहले ही बड़े-बड़े दावे कर चुके हैं और अब उन्हीं दावों का हिसाब देने की नौबत आ गई है.
केशव मौर्या ने भी दिया था सपा में टूट को लेकर बयान
इस बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान ने भी प्रदेश के राजनीतिक हलकों में सरगर्मी बढ़ा दी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद वर्तमान में पाला बदलने और पार्टी तोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार बैठे हैं. उन्होंने आगे कहा कि भाजपा उनकी पार्टी को खुद नहीं तोड़ रही है बल्कि साल 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव तक ये नेता अपने आप ही टूटकर चले जाएंगे.