‘फेक न्यूज से सावधान रहें युवा…’ CEC ज्ञानेश कुमार ने जेन अल्फा से किया संवाद, साझा किए पुराने दिन

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने लखनऊ में जेन अल्फा से संवाद किया. उन्होंने युवाओं को फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी. CEC ने भारतीय लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और मतदाता पंजीकरण के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता बताई और अपने पुराने दिनों को साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया. कहा कि युवाओं की भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होगा.

लखनऊ में छात्रों के बीच सीईसी ज्ञानेश कुमार Image Credit:

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार लखनऊ में हैं. सोमवार को उन्होंने कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में जेन अल्फा से संवाद किया. एक पुरातन छात्र के रूप में उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को फेक न्यूज से बचना चाहिए. इस कार्यक्रम में सीईसी ने छात्रों को भारतीय लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम की विश्वसनीयता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी. इस दौरान उन्होंने छात्रों से अपने पुराने दिन भी साझा किए.

छात्रों के बीच खुद को पाकर सीईसी गदगद दिखे. उन्होंने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके छात्रों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की. कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के डिजिटल माध्यमों पर भी मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है. कहा कि यदि देश के युवा वोटिंग के प्रति जागरूक होते हैं और मतदान प्रक्रिया में हिस्स लेते हैं तो हमारा लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा.

याद किए पुराने दिन

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, इसमें स्कूल और शिक्षकों का बड़ा योगदान है. बताया कि साल 1979 में उन्होंने हाईस्कूल और 1981 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में भाग लेते हुए यूपी बोर्ड में टॉप किया था. उस समय हाईस्कूल की परीक्षा में 10 लाख से अधिक छात्र बैठे थे, इनमें वह पहले स्थान पर थे. इसी प्रकार इंटरमीडिएट की परीक्षा में वह करीब छह लाख छात्रों में शीर्ष स्थान हासिल किया था.

केरल कैडर के आईएएस है सीईसी

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पढ़ाई के बाद वह अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मां की इच्छा की वजह से देश में ही रहकर देश की सेवा का फैसला किया. फिर उन्होंने आईएएस परीक्षा की तैयारी की और उन्हें केरल कैडर मिला. आज वह अपनी मेहनत और लगन के दम पर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कुर्सी तक पहुंचे हैं. इस मौके पर छात्रों के ईवीएम संबंधी सवाल पर कहा कि इसमें किसी भी तरह से धांधली नहीं हो सकती. इसमें कोई इंटरनेट, ब्लूटूथ या वाई-फाई कनेक्शन नहीं होता.

भ्रामक सूचना से बचें युवा

इसी कड़ी में सीईसी ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में तरह तरह की सूचनाएं प्रसारित हो रही हैं. इसमें ज्यादातर सूचनाएं तथ्यहीन और भ्रामक होती हैं. ऐसे में खासतौर पर युवा वर्ग को इन भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहना चाहिए. कोई राय कायम करने से पहले सूचना की सच्चाई और वास्तविक स्थित जांच लेनी चाहिए. इस मौके पर लखनऊ के डीएम विशाल जी और कॉलेज के प्रधानाचार्य मौजूद रहे.

Follow Us