2017 के पहले सपाई हड़प लेते थे गरीबों का राशन कार्ड, बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लिए कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली की शुरुआत की. साथ ही प्रदेश के 78 हजार से अधिक कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल करने की जानकारी दी. सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Credit:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लिए कई अहम ऐलान करते हुए प्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था में हुए बदलाव का जिक्र किया. उन्होंने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया. साथ ही प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की जानकारी दी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को लगातार निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले राशन वितरण को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें आती थीं, लेकिन अब खाद्य एवं रसद विभाग में सुधार के बाद स्थिति बदल गई है.

‘2017 के पहले गरीबों का राशन कार्ड अपने घर में रख लेते थे’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली अखिलेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले गरीबों के राशन वितरण में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं होती थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सत्ताधारी लोगों की नीयत में खोट थी और इसका खामियाजा उचित दर विक्रेताओं को भुगतना पड़ता था. उन्होंने कहा, ‘2017 के पहले सपाई गरीब का राशन कार्ड अपने घर में रख लेता था, जिससे वह भूख से मरता था, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है.’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उस समय राशन को लेकर होने वाली शिकायतों के कारण आम लोगों की नजर में कोटेदारों की छवि भी खराब हो गई थी. सरकार ने ई-पॉस मशीन और सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी जैसी व्यवस्थाओं के जरिए इस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया.

90 से बढ़कर 125 रुपये प्रति कुंतल हुआ मार्जिन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लिए बढ़ाए गए लाभांश को बड़ी राहत बताया. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयास से मार्जिन मनी में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि हुई है. इसमें 10 रुपये केंद्र और 25 रुपये राज्य सरकार की ओर से बढ़ाए गए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों)का मार्जिन और 25 रुपये बढ़ाने के लिए भारत सरकार को पत्र भी भेजा है.

मुख्यमंत्री के अनुसार, औसतन एक उचित दर विक्रेता को करीब 100 कुंतल अनाज का आवंटन होता है. 90 रुपये प्रति कुंतल की दर से उसे करीब 12,750 रुपये प्रतिमाह प्राप्त होते थे, जबकि 125 रुपये प्रति कुंतल की दर से यह राशि बढ़कर करीब 16,250 रुपये हो जाएगी. इसके अलावा अन्य बिक्री से होने वाला मुनाफा अलग रहेगा.

‘कोटेदार सरकार और जनता के बीच सेतु’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि फेयर प्राइस शॉप संचालक केवल राशन वितरित करने का काम नहीं करते, बल्कि वे सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु हैं. गरीब, निराश्रित और दिव्यांग लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है. उन्होंने उचित दर विक्रेताओं से अपील की कि वे ऐसा काम करें जिसमें सम्मान हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मान के साथ किया गया काम आने वाली पीढ़ियों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है.

2017 में राशन से जुड़ी 300 शिकायतें, अब एक भी नहीं आने का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने जनता दर्शन का हवाला देते हुए कहा कि 2017 में अगर 1,000 शिकायतें आती थीं तो उनमें करीब 300 शिकायतें राशन वितरण से जुड़ी होती थीं. उनके मुताबिक, अब ऐसी शिकायतें नहीं आती हैं. उन्होंने कहा कि खाद्य एवं रसद विभाग में व्यापक सुधार किए गए हैं और ई-पॉस मशीन तथा सिंगल डोर-स्टेप डिलीवरी के कारण व्यवस्था में पारदर्शिता आई है, हमने बिचौलियों की भूमिका खत्म करने का प्रयास किया गया है

10 हजार राशन दुकानें बनीं अन्नपूर्णा भवन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में करीब 10 हजार राशन दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा चुका है. इस साल इसके लिए 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है. अन्नपूर्णा भवन में दुकान के साथ गोदाम की व्यवस्था भी होगी. मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि पहले उचित दर विक्रेता मुख्य रूप से राशन की बिक्री करते थे, लेकिन अब नियमों के तहत करीब 39 प्रकार के सामान भी इन दुकानों से बेचे जा सकते हैं.

Follow Us