अखिलेश की बेटी के खिलाफ अभद्र कमेंट पर भड़के CM योगी, कहा- ये बर्दाश्त नहीं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर बेटियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटी किसी की भी हो, उसका सम्मान सर्वोपरि है. अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में सीएम योगी ने तत्काल FIR दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं. उन्होंने सभी से मर्यादित भाषा का प्रयोग करने और बेटियों का सम्मान करने का आग्रह किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी को लेकर सीएम योगी ने कड़ी नाराजगी प्रकट की है. उन्होंने कहा कि बेटी किसी की भी हो, बेटी का सम्मान होना चाहिए. उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों सोशल मीडिया पर गलत टिप्पणियां कर रहे हैं. यह गलत है और इसमें तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने एफआईआर के आदेश दिए हैं.

सीएम योगी ने साफ कहा कि बेटियों के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी किसी हाल में स्वीकार नहीं है. बेटी बेटी होती है, चाहें वो किसी की भी हो. उन्होंने कहा कि हम उस संस्कार में पले हैं, जहां कहा जाता है गांव की बेटी सबकी बेटी. इसी क्रम में सीएम योगी ने सपा सुप्रीमो को एक नसीहत भी दे दी. कहा कि अखिलेश जी दूसरों को तो उपदेश देते हो, थोड़ा बहुत उपदेश अपने चेले चपाटों को भी दे दो. ताकि वह अपनी भाषा भी संयम कर लें.

कई दिनों से गर्म है माहौल

पूर्व सीएम अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी को लेकर कई दिनों से प्रदेश में माहौल गर्म है. सपा कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में बीते शुक्रवार को प्रदेश भर में प्रदर्शन किया. इसके बाद से बीजेपी के भी कई नेताओं ने इस तरह की टिप्पणियों की निंदा की थी. वहीं मामले की जानकारी होने पर सीएम योगी ने सीधे पुलिस को मुकदमा दर्ज करने और इस तरह की ओदी हरकत करने वालों की ठीक से खबर लेने का आदेश ही जारी कर दिया.

आजमगढ़ में थे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अखिलेश यादव के निर्वाचन क्षेत्र आजमगढ़ में थे. यहां पहुंचने पर उन्होंने पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपना गुस्सा जाहिर किया. उन्होंने कहा कि बेटी चाहें किसी की भी हो, बेटी बेटी होती है. उसका अपमान किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सीएम योगी ने कहा कि हमने कोई भेदभाव नहीं किया, लेकिन अखिलेश जी भी अपने चेले-चपाटों को थोड़ा उपदेश दे दें तो उनकी भाषा भी संयमित हो जाए.

बहन बेटियों के प्रति संयमित हो भाषा

सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरों पर कोई टिप्पणी करने से पहले स्वयं भी सोचना चाहिए. उन्हें एहसास करना चाहिए कि उनके लोग बहन बेटियों, बुजुर्गों और दिवंगत लोगों के प्रति किस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. सीएम योगी ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपने लोगों को भी थोड़ा संस्कार सिखाने की जरूरत है. इसी के साथ उन्होंने चेतावनी भी दे दी. कहा कि अच्छा होगा कि उनको खुद समझा लो, नहीं तो हम तो समझा ही देंगे.

Follow Us