CM योगी ने दिया सोच का नया मंत्र, UP को क्यों बताया ‘हॉट लैंड ऑफ इंडिया’?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ताज पैलेस का उद्घाटन कर यूपी को 'हॉट लैंड ऑफ इंडिया' बताया. उन्होंने 'थिंक बिग, थिंक लाइक यूपी' का मंत्र देते हुए प्रदेश के पर्यटन, निवेश और बुनियादी ढांचे में हुए क्रांतिकारी बदलावों पर जोर दिया. सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पर्यटन में देश में शीर्ष पर है और वैश्विक निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन रहा है, जिससे इसकी बदलती पहचान सिद्ध होती है.

सीएम योगी ने किया होटल ताज पैलेस का उद्घाटन Image Credit:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोमतीनगर के विभूति खंड में होटल ताज पैलेस का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने एक समारोह को संबोधित किया. इसमें उन्होंने ‘थिंक बिग, थिंक लाइक यूपी’ का मंत्र दिया. इस दौरान उन्होंने होटल के एमडी को बधाई देते हुए कहा कि प्रयागराज, अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन समेत कई शहर ऐसे होटल की मांग कर रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि भारत की आत्मा उत्तर प्रदेश में बसती है. जिन लोगों ने इस आत्मा को नकारने की कोशिश की, उनकी पहचान का संकट आ गया.

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को की लंबी श्रृंखला है, जिन्होंने भारत की इस आत्मा को पहचान दी. अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, काशी, प्रयागराज, भगवान बुद्ध की जन्मस्थली/महापरिनिर्वाण स्थली/ज्ञान स्थली, सर्वाधिक जैन तीर्थंकर इस धरती पर पैदा हुए. दुनिया की सबसे पवित्र नदियों में मां गंगा, यमुना, सरयू उत्तर प्रदेश में हैं. हम लोगों ने साढ़े नौ वर्ष में इस आत्मा को पहचाना और साबित किया कि यूपी अनलिमिटेड पोंटेशियल का स्टेट है. यह ‘हॉट लैंड ऑफ इंडिया’ है.

पर्यटन में टॉप पर है यूपी

सीएम योगी ने कहा कि 2017 में उनकी सरकार बनी तो पर्यटन के क्षेत्र में यूपी देश में तीसरे स्थान पर था, लेकिन अब टॉप पर है. 2025 में 156 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश के काशी, प्रयागराज, मथुरा-वृंदावन, अयोध्या आदि तीर्थस्थलों पर आए. 10 वर्ष पहले यूपी के बारे में धारणा बहुत अच्छी नहीं थी, ताज पैलेस जैसे होटल बनना सपना था. दुनिया का कोई देश व भारत का कोई राज्य अब यूपी के मुकाबले नहीं आता.

लखनऊ तीसरा शहर, जहां है ताज होटल

सीएम ने कहा कि ताज ग्रुप की लंबी श्रृंखला है. 1903 में ताज ग्रुप का पहला होटल मुंबई में बना. इसके बाद दिल्ली समेत देश के अलग अलग हिस्सों में ताजमहल व ताज पैलेस नाम होटल बने. इनमें लखनऊ तीसरा शहर है, जहां ये दोनों होटल हैं. उन्होंने कहा कि यूपी में टूरिज्म पॉलिसी के अंदर जो प्रावधान तय किए थे, उसमें यहां बेहतरीन सुविधाएं भी दी गई हैं. उन्होंने बताया कि इस होटल में 181 रूम व शूट्स के साथ ही यहां भव्य प्रेसिडेंसियल शूट भी है. इसके अलावा 10,000 वर्गफुट का पिलरलेस बैंक्वेट हॉल भी है.

जापानी प्रतिनिधिमंडल बनेगा पहला अतिथि

सीएम ने कहा कि कल व आज दिल्ली में यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट का आयोजन किया गया. सीएम ने टेक्नोलॉजी, रिसर्च में जापान की उपलब्धि को भी चिह्नित किया और कहा कि भारत में पहली बार कोई राज्य 200 से अधिक फॉरेन इन्वेस्टर्स, इंड्स्ट्री लीडर व इंड्स्ट्री सीईओज को एक साथ बुलाने में सफल हुआ है. उन्होंने ग्रीन हाइड्रोजन, मॉडर्न टेक्नोलॉजी, सेमीकंड्क्टर, ऑर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रोबोटिक, ऑटोमोबाइल समेत विभिन्न क्षेत्रों में यूपी में निवेश को लेकर उत्सुकता दिखाई है. उन्होंने कहा कि जापान से आया प्रतिनिधि मंडल इस होटल का सबसे पहला अतिथि होगा.

बदल चुका है यूपी

सीएम ने कहा कि यूपी अब बदल चुका है. यहां 17 घरेलू व 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के कारण इसकी नई पहचान बनी है. देश के अंदर एक्सप्रेसवे का 60 प्रतिशत शेयर यूपी के पास है. यूपी के सर्वाधिक शहरों में मेट्रो संचालित है. यहां पहली रैपिड रेल, इनलैंड वाटर वे भी प्रारंभ हुआ है. अब यहां सुरक्षा का बेहतरीन माहौल भी है. अब यूपी ने यहां के हॉस्पिटैलिटी समेत हर क्षेत्र में विकास के रूप में अलग पहचान बनाई है. ओडीओपी से यूपी दो लाख करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट कर रहा है.

स्थानीय खानपान को महत्व देने की अपील

सीएम ने कहा यूनेस्को ने लखनऊ के खानपान को लेकर इसे ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ के रूप में मान्यता दी है. यूनेस्को लखनऊ के खानपान, परंपरा को स्वीकार कर रहा है. सीएम ने ताज ग्रुप के अधिकारियों से कहा कि जिस परंपरा से जुड़ें, वहां के लोकल सुविधाओं को भी जोड़ें. यहां की लजीज गली बहुत प्रसिद्ध है, वहां हर परिवार जाता है. सीएम ने स्टैंडर्ड हाईजीन किचन की भी तारीफ की और बलिया के लोगों के गमछे में बंधे सत्तू का भी जिक्र किया. कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश का बाटी-चोखा, सत्तू (रेडिमेड भोजन) समेत अवध के खानपान को और महत्व दें.

Follow Us