कांग्रेस की निषाद पॉलिटिक्स! अजय राय ने दो नेताओं के साथ की PC, गाली देने वाले राजू दास पर FIR की मांग
उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले कांग्रेस निषाद समाज को साधने में जुटी है. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने निषाद नेताओं संग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अयोध्या के महंत राजू दास पर एफआईआर की मांग की. उन्होंने राजू दास पर गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए भाजपा और सीएम योगी पर भी जमकर हमला बोला, कहा कि योगी सरकार निषादों के साथ अन्याय कर रही है और अपराधियों को संरक्षण दे रही है.
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले सभी राजनीतिक दल अलग अलग जातियों को साधने में जुट गए हैं. इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने निषाद समाज को जोड़ने की कोशिश की है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को समाज के दो नेताओं राम निहाल निषाद और कुंवर सिंह निषाद के साथ बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस की. इसमें निषाद नेताओं ने अयोध्या में हनुमान गढ़ी के महंत राजूदास के खिलाफ एफआईआर की मांग की.
बता दें कि कांग्रेस पार्टी के अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के आयोजक निषाद नेता राम निहाल निषाद थे. उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में पूरा निषाद समाज कांग्रेस के साथ है. इस बार इस समाज ने बीजेपी को सबक सिखाने का फैसला किया है. उन्होंने अयोध्या में मछली भोग को लेकर कहा कि इस मामले में जान बूझकर और एक साजिश के तहत अजय राय को बदनाम करने की कोशिश हो रही है.
राजू दास पर एफआईआर की मांग
राम निहाल निषाद ने कहा कि इस बीजेपी ने निषादों के सारे काम छीन लिए, अब उनके खानपान पर भी पाबंदी लगाना चाहती है. उन्होंने हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की. इसी क्रम में मंच पर मौजूद कुंवर सिंह निषाद ने सधे तरीके से हमला बोला. उन्होंने कहा कि मां चाहें किसी की भी हो, हर मां को प्रणाम. उन्होंने कहा कि यदि राजू दास की भी मां मिल जाएं तो इतना शीश झुकाएंगे कि वह राजू से ज्यादा स्नेह करेंगी.
बीजेपी पर लगाया आरोप
कुंवर सिंह ने कहा कि बीजेपी वाले ही गाली दिलवा रहे हे. उन्होंने बताया कि राजू दास के खिलाफ उन्होंने थाने में तहरीर दी थी, लेकिन एफआईआर तक दर्ज नहीं हुई. उन्होंने कहा कि यदि राजू दास को जेल नहीं भेजा गया तो यह माना जाएगा कि उन्हें सीएम योगी का संरक्षण है. इस मौके पर अजय राय ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला. कहा कि एक व्यक्ति सरकारी चैनल पर मां-बहन की गाली देता है, प्रदेश में बच्चियों के साथ रेप हो रहा और कोई कार्रवाई तक नहीं हो रही.
सीएम योगी पर बोला हमला
अजय राय ने सीएम योगी पर भी बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि उनकी विश्वसनीयता खत्म हो रही है. अब वह मठ के लायक भी नहीं बचे. वह सत्ता के भोगी हो गए हैं. इस मौके पर अजय राय ने योगी के सदन में रोते हुए का वीडियो दिखाया, कहा कि बीजेपी ने इतनी यातनाएं दीं, लेकिन अजय राय तो आज तक नहीं रोया. उन्होंने बताया कि 27 में ही बता देंगे कि कांगेस कहां खड़ी है.