अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, दुबग्गा फ्लाईओवर, हेरिटेज संरक्षण… लखनऊ में बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी

लखनऊ में कई बड़े प्रोजेक्ट्स को योगी कैबिनेट की मंजूरी मिली है. ये परियोजनाएं लखनऊ के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, पर्यटन को बढ़ावा देंगी और यातायात समस्या का समाधान कर शहर को नई पहचान देंगी. रोशन-उद-दौला भवन और छतर मंजिल को हेरिटेज पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा.

छतर मंजिल को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा (फाइल फोटो) Image Credit:

यूपी कैबिनटे ने सोमवार को लखनऊ में बड़े विकास प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दी है. इसमें इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, ऐतिहासिक रोशन-उद-दौला भवन और छतर मंजिल का पीपीपी मॉडल पर संरक्षण, और दुबग्गा चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण जैसे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है. ये परियोजनाएं लखनऊ की विकास को गति और शहर को नई पहचान देंगी.

इंटरनेशनल एक्जीबिशन-सह-कन्वेंशन सेंटर के निर्माण लखनऊ की वृन्दावन योजना, सेक्टर-15 में प्रस्तावित है. सरकार ने इसके निर्माण के लिए 1435.25 करोड़ रुपये की मंजूर दी है. इससे पहले 1297.42 करोड़ रुपये स्वीकृत किया था, लेकिन निविदा प्रक्रिया के दौरान लागत अधिक आने के कारण इसमें फिर से संशोधन किया गया है.

कन्वेंशन में 10000 लोगों की क्षमता, ऑडिटोरियम भी

इंटरनेशनल एक्जीबिशन-सह-कन्वेंशन सेंटर के निर्माण में होने वाले कुल खर्च में जीएसटी, लेवी, कंटीजेंसी और सुपरविजन चार्ज भी शामिल हैं. ईपीसी मोड पर बनने वाले इस अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर में 10,000 लोगों की क्षमता वाला विशाल कन्वेंशन हॉल और 2,500 लोगों की क्षमता का ऑडिटोरियम बनाया जाएगा. साथ ही बड़े स्तर पर पार्किंग होगी.

कन्वेंशन सेंटर का निर्माण लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के डिफेंस एक्सपों जैसे आयोजनों के स्थल के रूप में की जा रही है. इसके आसपास 5-स्टार और बजट होटल विकसित करने की भी योजना है, जिससे देश-विदेश से आने वाले लोगों को बेहतर आवास सुविधाएं मिल सकें. साथ ही, यहां भारी उपकरणों, मॉडलों के प्रदर्शन की भी व्यवस्था होगी.

रोशन-उद-दौला और छतर मंजिल बनेगा पर्यटन स्थल

वहीं, लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाया है. रोशन-उद-दौला भवन और छतर मंजिल को ‘एडाप्टिव रि-यूज’ के तहत पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा. इसके लिए इन भवनों से संबंधित भूमि का स्वामित्व पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने का प्रस्ताव किया गया है.

दुबग्गा चौराहे पर बनेगा तीन लेन का फ्लाईओवर

साथ ही लखनऊ-हरदोई मार्ग पर स्थित दुबग्गा चौराहे पर 1,811.72 मीटर लंबा तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इस परियोजना की कुल लागत 305.31 करोड़ रुपये तय की गई है. दुबग्गा चौराहा लखनऊ शहर का एक प्रमुख यातायात केंद्र है, फ्लाईओवर के निर्माण से इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.

Follow Us