चलती कार में विधवा से रेप! प्लॉट दिखाने के बहाने दरिंदों ने गाड़ी में बैठाया, शोर मचाने पर छोड़कर भागे
थाने पहुंची पीड़िता ने नामजद शिकायत दर्ज कराई है. महिला का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने की खबर मिलते ही आरोपी बौखला गए हैं. नामजद आरोपी ने अज्ञात नंबर से उसे कई बार फोन किया और जान से मारने की धमकी दी है. उसके ऊपर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक विधवा से रेप का मामला सामने आया है. यह वारदात एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथी ने अंजाम देने की कोशिश की. लेकिन पीड़िता के चीखने चिल्लाने और शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गए. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे प्लॉट दिलाने के बहाने गाड़ी में बैठाया और उसे बंधक बनाकर रेप करने की कोशिश की.
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में अपनी आपबीती बताई है. कहा कि वह अपने बच्चों का सुरक्षित भविष्य तलाश रही थी. इसी क्रम में उसने एक प्लॉट खरीद कर घर बनाने वाली थी. इस संबंध में उसकी मुलाकात आरोपी प्रॉपर्टी डीलर से हुई. आरोपी ने उसे प्लॉट दिलाने का भरोसा देकर एडवांस के तौर पर मोटी रकम ले ली. काफी समय बाद भी जब उसे प्लॉट के दस्तावेज नहीं मिले तो उसने आरोपी से संपर्क किया.
प्लॉट दिखाने के बहाने से हैवानियत
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उसे रजिस्ट्री से जुड़े जरूरी दस्तावेज लेने और प्लॉट की साइट विजिट के बहाने उसे बुलाया और गाड़ी में बैठाकर कोई नशीला पदार्थ पिला दिया. वहीं जब वह बेहोश होने लगी तो आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें की. इस वारदात में गाड़ी में मौजूद आरोपी के साथी ने भी उसे सहयोग किया. उसे खतरे का अभाष हुआ तो वह शोर मचाने लगी. ऐसे में पकड़े जाने के डर से आरोपी उसे सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए.
एफआईआर होते दी धमकी
आरोपियों के चंगुल से छूटकर थाने पहुंची पीड़िता ने नामजद शिकायत दर्ज कराई है. महिला का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने की खबर मिलते ही आरोपी बौखला गए हैं. नामजद आरोपी ने अज्ञात नंबर से उसे कई बार फोन किया और जान से मारने की धमकी दी है. उसके ऊपर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. ऐसा नहीं करने पर उसे व उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है. फिलहाल पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.