लपटों के बीच फट रहे सिलेंडर, 50 से अधिक झुग्गियां खाक; राजधानी में कैसे लगी भीषण आग?

लखनऊ में भीषण अग्निकांड ने 50 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियों को राख कर दिया. रसोई गैस सिलेंडर फटने से आग की तीव्रता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई, जिससे बचाव कार्य में बाधा आई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन सिलेंडर धमाकों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है.

लखनऊ में लगी भीषण आग Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार की शाम भीषण आग लगी. इस आग ने देखते ही देखते 50 से अधिक झुग्गी झोपड़ियों को अपने लपेटे में ले लिया. इन झोपड़ियों में रखे रसोई गैस के सिलेंडर आग के संपर्क में आते ही फटने लगे और इससे आग की तीव्रता महज कुछ मिनटों में ही चरम पर पहुंच गई. इस समय यह आग लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र में लगी है. सूचना मिलने पर हरकत में आई फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दर्जन भर दमकल गाड़ियों के साथ राहत कार्य में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक तेज गर्मी, ऊपर से आग की तपिश. ऐसे में आग के बीच घुसकर उसे काबू करना फायर ब्रिगेड के लिए भी चुनौती बन गया है. फिलहाल क दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों की मदद से पानी की बौछारें मारी जा रही है. फोम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, बावजूद इसके आग की तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक लपटों के बीच फट रहे रसोई गैस के सिलेंडरों की वजह से आग अभी कंट्रोल नहीं हो पा रही है.

मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारी

इस घटना पर खुद सीएम योगी आदित्यानाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने खुद अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने को कहा है. इसके बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे हैं. उधर, अभीतक आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है. अधिकारियों के मुताबिक इस आग में अभी तक किसी जनहानि की भी सूचना नहीं है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन का मुख्य फोकस आग को कंट्रोल करने की है.

धमाके की आवाज से दहशत

स्थानीय लोगों के मुताबिक आग महज कुछ मिनटों में ही पूरे एरिया में फैल गई. देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगी. इन्हीं लपटों के बीच एक-एक कर जब गैस सिलेंडर फटने लगे तो उनकी आवाजों से दहशत फैल गई. आसपास रहने वाले लोग भी डर गए. हालात को देखते हुए खुद सीएम योगी ने अधिकारियों से बातचीत की और राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राहत कार्य में किसी स्तर की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

Follow Us