डेटिंग ऐप पर पहले दोस्ती, फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का खेल; 5 लोगों से ठग लिए 6 करोड़

प्रयागराज में एक बड़ा डेटिंग ऐप से ठगी करने वाला रैकेट सामने आया है. आरोप है कि इस रैकेट की सरगना प्रयागराज की रहने वाली एक लड़की है. यह युवाओं को प्यार का झांसा देकर दोस्ती करती और फिर उन्हें ब्लैकमेल करती थी.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लखनऊ तक डेटिंग एप के जरिए ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. यहां रहने वाली एक लड़की ने इस ऐप के जरिए ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे जान और सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे. यह लड़की डेटिंग ऐप पर युवाओं से दोस्ती करती और फिर प्यार का झांसा देकर उनसे ठगी करती थी. यदि कोई विरोध करता तो यह सीधे रेप और मर्डर केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देती थी. इस ठगनी के शिकार दर्जनों लोग हो चुके हैं. हालांकि अभी तक पांच लोगों का नाम सामने आया है.

पुलिस के मुताबिक इसकी साजिश का शिकार होकर ये पांच लोग अब तक जेल जा चुके हैं. जबकि 14 से ज्यादा मुकदमों में ये खुद आरोपी है. पीड़ितों द्वारा इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाने के बाद पुलिस हरकत में आई है. हाथ में अवैध असलहा, बिस्तर पर नोटों के बंडल और बेखौफ अंदाज के साथ इसकी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं.

ठगनी के हैं कई नाम

पुलिस के मुताबिक इस ठगनी के कई नाम हैं. कुछ लोग इसे स्वीटी तिवारी के नाम से जाते हैं तो कुछ अन्य नामों से. आरोप है कि इसने डेटिंग ऐप्स को हथियार बनाकर एक बड़ा रंगदारी सिंडिकेट चला रही थी. यह पुरुषों से दोस्ती करती, फिर उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल कर उगाही करती थी. यदि कोई इसकी मांग पूरी करने से मना करता तो उस पर रेप या जान से मारने की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज करा देती थी.

हाईकोर्ट के वकील ने किया खुलासा

इस लड़की का नेटवर्क प्रयागराज के अलावा लखनऊ तक है. राजधानी के विभूतिखंड और सुशांत गोल्फ सिटी थानों में भी इसने मुकदमे दर्ज कराए हैं. इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता नूर आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे गैंग का खुलासा किया. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं पीड़ितों का कहना है कई बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसकी वजह से इसका मनोबल लगातार बढ़ता चला गया.

Follow Us