पहले युवक को पीटा, फिर प्राइवेट पार्ट में पत्थर बांधकर गांव में घुमाया; पुरानी रंजिश में खौफनाक सजा

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर अमानवीय अत्याचार का मामला सामने आया है. आरोपियों ने युवक को पहले बेरहमी से पीटा, फिर उसके प्राइवेट पार्ट में पत्थर बांधकर पूरे गांव में घुमाया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

मौके पर पहुंची यूपी पुलिस

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक युवक के साथ हैवानियत का मामला प्रकाश में आया है. आरोप है कि युवक को पकड़कर पहले कुछ लोगों पिटाई की. फिर उसके कपड़े फाड़ दिए. यही नहीं, आरोपियों ने इस युवक के प्राइवेट पार्ट में पत्थर बांधकर पूरे गांव में घुमाया. इस दौरान युवक के मुंह पर चूना लगाने और जूते-चप्पलों की माला पहनाने का भी आरोप है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

जानकारी मिलने पर पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है. मामला सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में इकदिरी गांव का बताया जा रहा है. पीड़ित युवक के भाई सरजू प्रसाद ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है. बताया कि उसका 27 वर्षीय भाई भोला गुरुवार को बाइक से बभनी बाजार गया था. दोपहर में बाजार से वापस लौटते समय करकच्छी गांव के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और जबरन एक घर ले जाकर उसे बांधकर मारपीट की.

चप्पलों की माला पहनाने के भी आरोप

पीड़ित के भाई ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके प्राइवेट पार्ट में आरोपियों ने पत्थर बांध दिया था. इससे भी मन नहीं भरा तो उसके चेहरे पर चूना पोत दिया और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे गांव में घुमाया. जब वह खुद अपनी पत्नी के साथ भाई को बचाने गया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और उसकी पत्नी के बाल पकड़कर घसीटा. थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज के मुताबिक शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

दो आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि इस मामले में दो नामजद आरोपियों अजय और राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो की जांच कर रही है. इसके अलावा आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश का मामला निकल कर सामने आया है. वर्ष 2024 में भी इनके बीच झगड़ा हआ था. इसके बाद एक पक्ष की एक महिला ने छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था.

Follow Us