प्रेमी संग रंगरेलियां मनाती थी बहू, सास ने रोका तो बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मार डाला… लखनऊ में सनसनीखेज वारदात
लखनऊ के निशातगंज इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक विवाहित महिला का किसी शख्स से अवैध संबंध था. उसकी सास, बहू को ऐसा करने से रोकती थी. ऐसे में विवाहिता ने अपने प्रेमी संग मिलकर सास को ही मौत के घात उतार दिया.
लखनऊ में अवैध संबंध में रुकावट बन रही सास को रास्ते से हटाने के लिए बहू ने प्रेमी के साथ साजिश रची. शनिवार दोपहर निशातगंज गली नंबर-3 में 69 वर्षीय निर्मला देवी का गला घोंटकर हत्या कर दी गई. मृतका के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और शव घर के एक कमरे में पड़ा मिला. पुलिस ने शक के आधार पर बहू रंजना को हिरासत में ले लिया है. मृतका निर्मला देवी सचिवालय से रिटायर्ड थीं. उनके पति की दो साल पहले मौत हो चुकी थी. वे अपने बेटे त्रिदेश, बहू रंजना, पोते आदित्य, पोती संवि और बड़ी पोती अंशिका के साथ रहती थीं.
परिवार ग्राउंड फ्लोर पर रहता है, जबकि ऊपर पहली मंजिल पर किराएदार हैं. बेटा त्रिदेश बिजली विभाग में संविदा पर काम करता है और किला स्थित पावर हाउस में ड्यूटी पर तैनात था. बहू रंजना निशातगंज इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाती है. घटना शनिवार दोपहर करीब 4 बजे की है. सबसे छोटा पोता आदित्य डिलीवरी बॉय का काम करता है. डिलीवरी से लौटकर घर आया तो दरवाजा खुला नहीं मिला. अंदर घुसा तो देखा कि दादी निर्मला देवी का शव कमरे में पड़ा है, हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए और गला दबाया हुआ.
बहू का हाव-भाव लगा संदिग्ध
सदमे में आदित्य ने ऊपर रहने वाले किराएदार पिंटू मौर्य को आवाज दी. पिंटू नीचे आया, फिर त्रिदेश को फोन पर सूचना दी. इसके बाद पुलिस को फोन कर दिया.पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर निर्मला देवी का शव कमरे में मिला. घटना के समय घर पर बहू रंजना और छोटी पोती संवि मौजूद थीं. बड़ी पोती अंशिका मामा के घर उन्नाव गई हुई थी. थोड़ी देर बाद रंजना भी घर पहुंची. उसका व्यवहार संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया.
रंजना के अवैध संबंध का विरोध कर रही थी सास
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि रंजना का किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध था और निर्मला देवी इस रिश्ते का विरोध कर रही थीं. इसी वजह से बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम ने कमरे से सबूत जुटाए हैं. रंजना से पूछताछ जारी है.
प्रेमी की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
प्रेमी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. लखनऊ पुलिस ने मामले को संवेदनशील बताते हुए जल्द से जल्द पूरी साजिश उजागर करने का निर्देश दिया है.परिवार में शोक का माहौल है. पोता आदित्य अभी भी सदमे में है. पड़ोसी बताते हैं कि निर्मला देवी परिवार की मुखिया थीं और सबका ख्याल रखती थीं.