पूर्वांचल से जेवर एयरपोर्ट तक अब सीधी ट्रेन, 400 करोड़ की लागत से बनने जा रही नई रेल लाइन

उत्तर मध्य रेलवे ने 84 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पलवल और चोला रेलवे स्टेशन के बीच बनाने का फैसला किया है. इसके बनते ही प्रयागराज समेत पूर्वांचल के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी जेवर एयरपोर्ट तक मिल जाएगी.

सांकेतिक तस्वीर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हो चुका है. अलग-अलग इलाकों से यहां तक की कनेक्टिविटी पर भी लगातार काम चल रहा है. अब सरकार ने कुछ ऐसा फैसला किया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक पहुंचने के लिए पूर्वांचल के यात्रियों को भी परेशान नहीं होना पड़ेगा.

उत्तर मध्य रेलवे ने 84 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पलवल और चोला रेलवे स्टेशन के बीच बनाने का फैसला किया है. इसके बनते ही प्रयागराज समेत पूर्वांचल के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी जेवर एयरपोर्ट तक मिल जाएगी. उत्तर मध्य रेलवे ने इसके लिए तैयारी भी तेज कर दी है.

अब तक नहीं है जेवर एयरपोर्ट तक सीधी ट्रेन सेवा

फिलहाल, प्रयागराज या पूर्वांचल के शहरों से ट्रेन के जरिए जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए कोई सीधी सेवा नहीं है. यात्रियों अभी जेवर एयरपोर्ट जाने के लिए पहले गाजियाबाद या आनंद विहार टर्मिनल उतरना पड़ता है. इसके बाद जेवर एयरपोर्ट के लिए निजी साधन या फिर सार्वजनिक साधन के जरिए जेवर एयरपोर्ट के लिए रवाना होना पड़ता है.

यही नहीं अगर यात्री जेवर एयरपोर्ट पर उतरेगा, तो भी उसे ट्रेन पकड़ने के लिए गाजियाबाद या फिर आनंद विहार ही जाना पड़ेगा. इससे यात्री का समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं. लेकिन अब उत्तर मध्य रेलवे की ओर से प्रस्तावित पलवल और चोला स्टेशन के बीच इस लाइन के बनने के बाद से पूर्वांचल के यात्रियों को सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने में आसानी हो जाएगी.

सर्वे का काम हो चुका है पूरा

सूत्रों के मुताबिक इसके लिए रेलवे सर्वे काम पूरा कर चुका है. साथ ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) अंतिम चरण में है.इस लाइन को बनाने में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत आएगी. डीपीआर रिपोर्ट तैयार होने के बाद जल्द ही इस लाइन को बनाने का काम शुरू हो सकता है..

रेलवे ने क्या कहा?

एनसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि पलवल-चोला के बीच 84 किमी नई रेल लाइन बनाने की तैयारी है. उत्तर मध्य रेलवे ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है. . इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी जैसे शहरों से जेवर एयरपोर्ट तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो सकेगी

Follow Us