ससुर ने रेप किया, पति ने चूहा मारने की दवा खिलाई, अब महिला दरोगा इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की रहने वाली है और प्रयागराज में दरोगा के पद पर तैनात एक महिला इन दिनों खुद को इंसाफ दिलाने के लिए लगातार थाने का चक्कर लगा रही है. उसने अपने ससुर पर रेप और पति पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि पुलिस इस मामले में उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है.
जिस महिला दरोगा पर दूसरों को इंसाफ दिलाने की जिम्मेदारी है, अब वह खुद को न्याय दिलाने के लिए दर-दर भटक रही है. लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में प्रयागराज में तैनात एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर जबरन दुष्कर्म करने और पति पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. महिला दरोगा ने कहा कि पुलिस विभाग से होने के बावजूद भी स्थानीय पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है.
पीड़िता दरोगा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की रहने वाली है जो की फिलहाल में प्रयागराज में दरोगा के पद पर तैनात है. उसकी शादी 14 फरवरी 2025 को शुभम सिंह के साथ हुई. पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे हैं. अंतरजातीय विवाह के चलते आए दिन ससुराल पक्ष उन्हें अपमानित करता है. नौकरी छोड़ने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है.
चूहे मारने की दवा खिलाई गई
महिला दरोगा ने कहा जब उन्होंने ससुराल की प्रताड़ना का विरोध किया गया तो लाइसेंसी हथियार दिखाकर धमकाया गया. ससुर द्वारा 19 फरवरी 2026 जबरन रेप किया गया. इसकी जानकारी जब पति को दी तो उसने मुंह बंद रखने को कहा. इसके बाद पति ने भी उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. जब इसका विरोध किया तो जान से मारने की नीयत से चूहे मारने वाली दवा उसे खिलाई गई.
पिता का पीटा और महिला दरोगा पर खोल दिया फायर
पीड़िता ने कहा कि हालत बिगड़ने के बाद उसने अपने पिता को कॉल कर घटना की जानकारी दी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. इतना ही नहीं जब पीड़िता के पिता इस मामले को समझने के लिए और समझौते की नीयत से पीड़िता के ससुराल पहुंचे तो ससुराल वालों ने पिता के साथ भी मारपीट की. लोहे रॉड से पीटा. पीड़िता ने आगे बताया कि इसके बाद पति ने रिवॉल्वर निकाल कर सीधे उस पर फायर कर दिया. लेकिन वह किसी तरह से बाल-बाल बच गई.
महिला का आरोप-स्थानीय पुलिस का ससुराल वालों से मिलीभगत
महिला दरोगा का आरोप है कि पिछले कई दिनों से लगातार पाड़ा थाने के चक्कर काट रही है. लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर ससुराल वालों से मिलीभगत का आरोप लगाया है. जब इस मामले की जानकारी काकोरी एसीपी को हुई तो उनके द्वारा पीड़ित महिला दरोगा को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.