सहारनपुर में 1 लाख का इनामी एहसान कपूरी एनकाउंटर में ढेर, दर्ज थे 30 केस; SSP की जैकेट में लगी गोली

सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश एहसान कपूरी मारा गया. चिलकाना-सरसावा के बीच हुई इस भिड़ंत में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें SSP की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए. अहसान कपूरी पर 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे.

1 लाख इनामी एहसान कपूरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश एहसान कपूरी मारा गया. बदमाश पर एक लाख का इनाम घोषित था और उसपर 30 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. मुठभेड़ के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन सिंह समेत दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. वहीं दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हुए हैं.

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे हरड़ाखेड़ा क्षेत्र में चिलकाना पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बदमाश बाइक मोड़कर सरसावा की ओर भाग निकले. पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने सरकारी वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी.

इंडस्ट्रियल एरिया के पास दिनदहाड़े हुई मुठभेड़

चिलकाना पुलिस ने तुरंत घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद सरसावा थाना पुलिस समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. भागते हुए बदमाश इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक बाग में घुस गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए.

एसएसपी और पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश एहसान कपूरी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि एहसान कपूरी बेहट थाने का एक लाख रुपये का इनामी अपराधी था.

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल, बाल-बाल बचे SSP

एहसान कपूरी पर लूट, डकैती, रंगदारी समेत 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. वहीं, एहसान कपूरी का साथी फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है. इस मुठभेड़ में बदमाशों की दो गोलियां SSP की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगीं. वहीं चिलकाना थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी दो गोलियां लगीं, जिससे दोनों अधिकारी बाल-बाल बच गए.

मुठभेड़ में सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा के बाजू में गोली लगी, जबकि सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल सोनू शर्मा के हाथ में गोली लगी है. दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके से पुलिस ने चार अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं. वहीं फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है.

Follow Us