लखनऊ में पूर्व राज्य मंत्री नानक दीन भुर्जी की संदिग्ध मौत, विधायक निवास की 7वीं मंजिल से नीचे गिरे

उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री नानक नानकदीन भुर्जी की दारुलशफा के नए विधायक निवास से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई. वह बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के मंत्री भी थे. पुलिस आत्महत्या या दुर्घटना के सभी पहलुओं पर गौर कर रही है. डिप्रेशन में रहने की बात भी सामने आई है.

पूर्व राज्यमंत्री नानक नानकदीन भुर्जी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत Image Credit:

उत्तर प्रदेश के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री और बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के मंत्री नानकदीन भुर्जी (56) की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह लालबाग स्थित दारुलसफा नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए. गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है.

पुलिस के अनुसार, दारुलसफा नए विधायक निवास के व्यवस्था अधिकारी ने चौकी प्रभारी को सूचना दी कि एक व्यक्ति ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में नानकदीन भुर्जी को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. पुलिस हत्या-आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है.

अक्सर दारुलसफा परिसर में आते-जाते थे

जानकारी के मुताबिक, नानकदीन भुर्जी हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा भारत और भुर्जी महासभा से भी जुड़े हुए थे. मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थे और अक्सर दारुलसफा परिसर में आते-जाते दिखाई देते थे. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा था या उन्होंने आत्महत्या की. पुलिस जांच में जुटी है.

घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल भी सिविल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि उन्हें केवल इतना पता चला कि नानकदीन भुर्जी सातवीं मंजिल से गिर गए थे. उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह आत्महत्या का मामला है या दुर्घटना. पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

वहीं, पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us