लखनऊ में गाजीपुर थाने के दरोगा का कार में मिला शव, नाक से बह रहा था खून

लखनऊ में गाजीपुर थाने के दरोगा का शव मोहन रोड स्थित एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. वह बीते 24 घंटे से ड्यूटी से लापता थे. पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर शव को बाहर निकाला. दरोगा के नाक से खून बह रहा था. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

लखनऊ में दरोगा की रहस्यमय मौत: कार में मिला शव Image Credit:

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ड्यूटी से लापता दरोगा का शव उनकी कार के अंदर मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा.

पुलिस के अनुसार, मृतक दरोगा का नाम अजय कुमार (बैच-2020) था, जो गाजीपुर थाने की सर्वोदय नगर चौकी पर तैनात थे. वह गुरुवार दोपहर के बाद से संपर्क में नहीं थे. साथी पुलिसकर्मियों ने कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ. जब उनकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते पुलिस पहुंची तो वह कार में संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए.

पुलिस ने वीडियोग्राफी कराते हुए शव निकाला

पुलिस टीम जब मोहन रोड स्थित लोकेशन पर पहुंची तो अर्थ हॉस्पिटल के सामने एक सेंट्रो कार (UP 74 J 3400) खड़ी मिली. कार अंदर से लॉक थी और उसमें अजय कुमार अचेत अवस्था में पड़े थे. पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए कार का शीशा तोड़ा और उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया उनके शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले, हालांकि नाक से खून बहने की बात सामने आई है. सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौक पर पहुंचे और घटनास्थल की गहन जांच की गई. फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और खून के नमूने जुटाए हैं.

मूल रूप से हापुड़ के रहने वाले थे अजय कुमार

पुलिस के मुताबिक, मृतक दरोगा अजय कुमार मूल रूप से हापुड़ जिले के रहने वाले थे. पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

Follow Us